प्रजनेश गुणेश्वरन की प्री क्वार्टर फाइनल में हार के साथ टाटा ओपन महाराष्ट्र टेनिस टूर्नामेंट के एकल वर्ग में भारतीय चुनौती खत्म हो गई। प्रजनेश को कोरिया के क्वोन सून-वू के हाथों 3-6, 6-7 से हार झेलनी पड़ी। पहला सेट गंवाने के बाद प्रजनेश ने दूसरे सेट में सून-वू को कड़ी टक्कर दी लेकिन दुनिया के 88वें नंबर के खिलाड़ी ने धैर्य बरकरार रखते हुए टाईब्रेक में सेट और मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के छठे वरीय जेम्स डकवर्थ ने कड़े मुकाबले में टेरो डेनियल को 6-7, 7-6, 6-3 से और इगोर गेरासिमोव ने निकोला को 2-6, 6-3,6-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। पुरुष युगल में रोमेन आर्नेडो और आंद्रे बेगेमैन ने रोबिन हास और राबर्ट लिंडस्टेड की शीर्ष वरीय जोड़ी को 6-3, 6-3 से उलटफेर का शिकार बनाकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।