क्रोएशिया की डोना वेकिच, इटली की सारा ईरानी और चेक गणराज्य की क्रिस्टिना प्लिस्कोवा ने पालेर्मो महिला ओपन टेनिस टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया। इस टूर्नामेंट के साथ ही पांच माह बाद आधिकारिक तौर पर टेनिस की शुरुआत हो गई। सीमित दर्शकों के बीच खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में 16 यूरोपियन देशों और अर्जेंटीना की खिलाड़ी चुनौती पेश कर रही हैं।
छठी वरीय डोना ने नीदरलैंड की एरांटक्सा रस को 6-2,6-2 से पराजित किया। यह कोरोना के चलते खेल गतिविधियां बंद होने के बाद महिला और पुरुष वर्ग में पहला आधिकारिक टेनिस मैच था। सारा ने रोमानिया की सोराना क्रस्टा को 7-5,1-6,6-4 से, प्लिस्कोवा ने मारिया सकारी को 6-4,6-4 से, जैसमीन पओलिनी नेे दारिया कास्तकिना को 5-7,6-4,6-4 से, दयाना ने सारा सॉरीबेस को 6-3,6-4 से, अलीकसंद्रा सासनोविच ने लारा को 7-5,7-6 से और लौरा सिगमंड ने इरीना कैमिला को 6-3,6-4 से मात दी।