भारत के दो खिलाड़ी अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। महेश भूपति की चुनौती पहले ही खत्म हो चुकी है।
लिएंडर पेस ने अपने जोड़ीदार चेक गणराज्य के रादेक स्टेपानेक तथा रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार फ्रांस के एडवर्ड रोजर वेसेलीन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर डबल्स के अंतिम चार में प्रवेश कर लिया।
चौथी सीड भारतीय-चेक जोड़ी ने फ्रांस के जूलियन बेनेतू तथा सर्बिया के नेनाद जिमोंजिच की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-3, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में शान से प्रवेश किया।
बोपन्ना तथा वेसेलीन की 14वीं सीड जोड़ी ने एक अन्य मुकाबले में उलटफेर करते हुए स्वीडन के रोबर्ट लिंडस्टेड तथा कनाडा के डेनियल नेस्टर की छठी सीड जोड़ी को पांच सेटों तक चले मैराथन मैच में 7-5, 7-6, 6-7, 6-7, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।
बोपन्ना ने साथ ही चीन की झेंग झी के साथ मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में भी स्थान बना लिया। बोपन्ना और झेंग की सातवीं सीड जोड़ी ने स्वीडन के जोहान ब्रनस्ट्रोम और हंगरी की कैटालिन मारोसी को 7-6, 3-6, 6-1 से हराया।
हालांकि एक अन्य दिग्गज भारतीय खिलाड़ी महेश भूपति का डबल्स में हार के साथ ही टूर्नामेंट में उनका अभियान समाप्त हो गया।
सानिया मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में
सानिया मिर्जा और रोमानिया के होरिया तेकाऊ की दूसरी सीड जोड़ी ने आसान जीत के साथ मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया।
भारतीय-रोमानिया की जोड़ी ने अमेरिका के एरिक बुटोरेक और फ्रांस की एलाइज कोर्नेट की जोड़ी को लगातार सेटों में 6-1, 7-5से हराया।
सानिया और तेकाऊ ने तीसरे राउंड का यह मुकाबला एक घंटे में जीता। दोनों ने मैच में सात में से चार ब्रेक प्वाइंट भुनाए। हालांकि उनकी चुनौती महिला युगल में पहले ही खत्म हो चुकी है।