लगातार चार घंटे तक मैच खेलने के बाद खिलाड़ी ने बाथरूम ब्रेक मांगा लेकिन अंपायर ने इजाजत नहीं दी तो वहीं कोर्ट पर ही पेशाब करने की धमकी दे दी।
यहां बात हो रही है लंदन (इंग्लैंड) में इस समय खेले जा रहे प्रतिष्ठित विंबलडन की, जहां पुरुष डबल्स में चौथे दौर के लिए मैच खेला जा रहा था और अंतिम सेट के दौरान खिलाड़ी ने गुस्से में कोर्ट पर ही पेशाब करने की धमकी दे दी। कोर्ट पर पाब्लो क्यूवेस और मार्सेल ग्रेनोलर्स की जोड़ी जॉनी मरे और आदिल शम्सदीन आमने-सामने थे। मैच बेहद कांटे का हो चला था और लगातार 4 घंटे से खेल जारी था खिलाड़ियों पर थकान दिख भी रहा था।
इस बीच पाब्लो क्यूवेस ने मैच के निर्णायक और पांचवें सेट के दौरान अंपायर से पेशाब करने के लिए बाथरूम ब्रेक मांगा, लेकिन उरुग्वे के इस खिलाड़ी को ब्रेक देने से अंपायर ने मना कर दिया। अंपायर ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि इस जोड़ी ने नियमानुसार 2 बार बाथरूम ब्रेक ले लिया था।
पाब्लो क्यूवेस ने धमकी दी कि अगर उन्हें बाथरूम ब्रेक नहीं दिया गया तो वह कोर्ट पर ही गेंद रखने वाले डिब्बे में पेशाब कर देंगे। एक प्रत्यक्षदर्शी का दावा था कि उन्होंने एक तौलिये के अंदर पेशाब कर दिया था।
मैच के बाद गुस्से में खिलाड़ी ने अंपायर की ओर फेंकी गेंद
- फोटो : Getty
हालांकि विंबलडन के अधिकारी का कहना है कि कोर्ट पर पेशाब करने की कोई घटना नहीं हुई है। शम्सदीन ने कहा, "मुझे दाव लगा सकता हूं कि यह सब कुछ चेंजओवर के दौरान हुआ। यही वो समय होता है जब कुछ किया जा सकता है। लेकिन मैं वाकई नहीं जानता।"
पाब्लो क्यूवेस और मार्सेल ग्रेनोलर्स पर खिलाड़ियों के खेल भावना के नियमों के उल्लंघन करने का आरोप लगा। मैच के दौरान उन्होंने गेंद पर जोर से प्रहार किया क्योंकि विपक्षी टीम को 3 मैच प्वाइंट दे दिया गया। साथ ही यह जोड़ी अंपायर के फैसले के खिलाफ अपने चेयर पर बैठे रहे, जिससे खेल 10 मिनट तक बाधित रहा।
यह जोड़ी फिर से जब मैच के लिए कोर्ट पर उतरी तो यह मैच 6-3, 4-6, 6-4, 3-6, 14-12 से हार गई।
हार के बाद भी इस जोड़ी का गुस्सा नहीं खत्म हुआ। ग्रेनोलर्स मैच के बाद भी अंपायर पर चिखते-चिल्लाते रहे और फिर एक गेंद को अंपायर की ओर फेंकने की कोशिश भी की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने गेंद को रोक लिया जिससे अंपायर को कुछ नहीं हुआ।
बाद में मैच जीतने वाली टीम ने भी पाब्लो क्यूवेस और मार्सेल ग्रेनोलर्स का समर्थन किया। मरे ने कहा, "मैं समझता हूं कि आपको एक एक्सट्रा टॉयलेट ब्रेक देना चाहिए अगर मैच पांचवें सेट तक खींचता है। मैं नहीं जानता कि इस मामले में क्या नियम है, लेकिन मैं समझता हूं कि टॉयलेट करने की अनुमति दी जानी चाहिए थी। मैं खुद 2 बार गया था।"
पाब्लो पर पेशाब की धमकी देने और अंपायर के फैसले के खिलाफ बेंच पर बैठने के कारण दो अलग-अलग तरह से करीब 4 हजार डॉलर (3100 पाउंड्स) और 5 हजार डॉलर (3850 पाउंड्स) का जुर्माना लगा दिया गया। साथ ही उनके स्पेनिश जोड़ीदार ग्रेनोलर्स पर भी साथी खिलाड़ी का साथ देने के आरोप में 7500 डॉलर (5800 पाउंड्स) का जुर्माना ठोंक दिया गया।