टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच कोरोना वैक्सीन न लगवाने के कारण एक और बड़े टूर्नामेंट से बाहर रहे सकते हैं। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच अब यूएस ओपन से भी बाहर हो सकते हैं। इस टूर्नामेंट के मेजबान सभी खिलाड़ियों के लिए अमेरिकी सरकार ने दिशा-निर्देश के अनुसार गाइडलाइन जारी कर सकते हैं। ऐसा होने पर वैक्सीन न लगवाने वाले जोकोविच टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगे। इसी साल की शुरुआत में जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन में भाग नहीं ले पाए थे, क्योंकि उन्होंने कोरोना का टीका नहीं लगवाया था।
जोकोविच ने अब तक कोरोना का टीका नहीं लगवाया है। ऐसे में उन्हें यूएस ओपन से भी बाहर होना पड़ सकता है। हाल ही जोकोविच ने विंबलडन ओपन जीता था। यह उनका 21वां ग्रैंडस्लैम था। नोवाक जोकोविच और सेरेना विलियम्स यूएस ओपन के लिए शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल हैं। अगर उन्हें इस टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलता है तो वो राफेल नडाल के 22 ग्रैंडस्लैम के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं।
यूनाइटेड स्टेट टेनिस एसोसिएशन की तरफ से कहा गया है कि ग्रैंड स्लैम के नियमों के अनुसार सभी योग्य खिलाड़ी अपने आप पुरुष और महिला एकल के मुख्य दौर में पहुंच जाएंगे। इन खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के पहले सोमवार के 42 दिन पहले की रैंकिंग के आधार पर चुना जाएगा। फिलहाल यूएस ओपन में खिलाड़ियों के लिए कोरोना वैक्सीन का प्रमाण पत्र दिखाना जरूरी नहीं है। हालांकि, इस दौरान अमेरिका के बाहर के नागरिकों के आने-जाने पर अमेरिकी सरकार के फैसले का सम्मान किया जाएगा।
सातवीं बार विंबलडन का खिताब जीतने के बाद जोकोविच उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो यूएस ओपन के मुख्य दौर में जगह बनाएंगे। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 11 सितंबर के बीच खेला जाएगा। हालांकि, तीन बार के यूएस ओपन चैंपियन को कोरोना वैक्सीन न लगवाने के कारण अमेरिका के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।