इस पूरे मुकाबले में एंडरसन ने 10 और जोकोविच ने 6 ऐस लगाए, वहीं साउथ अफ्रीकन खिलाड़ी ने 5 तो जोकोविच ने 4 डबल फॉल्ट किए। हालांकि एंडरसन ने जोकोविच के 20 के मुकाबले 26 विनर्स लगाए, लेकिन खिताब गंवाने का उनका सबसे बड़ा कारण गलतियों पर गलतियां करना है।
बारबरा क्रेसिकोवा और चेक गणराज्य की उनकी हमवतन कैटरीना सिनियाकोवा ने शनिवार को क्वेता पेच्के और निकोल मेलिचर को 6-4, 4-6, 6-0 से हराकर लगातार दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीत लिया। वर्ष 2003 के बाद क्रेसिकोवा और सिनियाकोवा पहली जोड़ी बनी, जिन्होंने फ्रेंच ओपन और विंबलडन के लगातार खिताब जीते।
साथ ही यह पहली जोड़ी है, जिसने आल इंग्लैंड क्लब में लड़कियों और महिला दोनों वर्ग के युगल खिताब जीते। इस जोड़ी ने 2013 में जूनियर खिताब जीते थे। क्रेसिकोवा के लिए हालांकि यह जीत अधिक यादगार है क्योंकि उन्हें अपनी मेंटर और हमवतन याना नोवोत्ना के विंबलडन एकल खिताब जीतने के ठीक 20 साल बाद यह खिताब मिला है।
पिछले साल नवंबर में कैंसर के कारण नोवोत्ना का निधन हो गया था। क्रेसिकोवा ने मैच के बाद आसमान की ओर 'किस उछाला' जैसा कि उन्होंने जून में फ्रेंच ओपन के दौरान भी किया था। क्रेसिकोवा ने कहा कि मुझे बेहद, बेहद गर्व है। मुझे लगता है कि उन्हें भी बहुत गर्व होगा।'
जुड़वां भाई बॉब ब्रायन की चोट के कारण माइक ब्रायन इस बार विंबलडन में नए जोड़ीदार के साथ उतरे और उन्होंने पुरुष युगल में रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 17वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीत लिया। भाई बॉब के बिना यह माइक का पहला खिताब है।
माइक और जैक सोक की अमेरिकी जोड़ी ने एक-साथ सिर्फ दूसरा टूर्नामेंट खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका के रावेन क्लासेन और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस की जोड़ी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-3, 6-7 (7), 6-3, 5-7, 7-5 से हराया।
40 वर्षीय माइक आल इंग्लैंड क्लब में ओपन युग में खिताब जीतने वाले उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। माइक ने विंबडलन के तीन अन्य खिताब सहित कुल 16 ग्रैंडस्लैम अपने भाई बाब के साथ जीते हैं जो कूल्हे की चोट के कारण बाहर हैं।