शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी स्विस स्टार रोजर फेडरर को 6-4, 6-3 से हराकर रविवार को इटालियन ओपन खिताब जीत लिया।
इस जीत के साथ क्लेकोर्ट पर अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए जोकोविच ने एक हफ्ते बाद शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन टेनिस से पहले अपनी तैयारियों के संकेत भी दे दिए हैं। गत चैंपियन जोकाविच का यह चौथा इटालियन ओपन खिताब है।
दूसरी ओर 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन रोजर फेडरर को एक बार फिर इटालियन ओपन खिताब से वंचित रहना पड़ा। रोम और मोंटे कार्लो मास्टर्स सीरीज के ऐसे दो खिताब हैं जो फेडरर अब तक नहीं जीत पाए हैं।
रोम में फेडरर चौथी बार फाइनल में हारे। दो बार तो उन्हें चिर-प्रतिद्वंद्वी स्पेन के राफेल नदाल ने हराया था।
इस बार सात बार के चैंपियन नदाल के क्वार्टर फाइनल में बाहर होने के बाद सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच का ही पलड़ा भारी माना जा रहा था और फाइनल में सेंटर कोर्ट पर उन्होंने अपना शानदार खेल दिखाकर फेडरर को हार को विवश कर दिया।
इससे पहले सेमीफाइनल में जोकोविच ने स्पेन के डेविड फेरर को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। जबकि स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर हमवतन स्टेनिसलास वावरिंका को 6-4, 6-2 से हराकर फाइनल में पहुंचे थे।
दूसरी ओर, तीसरी वरीय रूस की मारिया शारापोवा ने स्पेन की कार्ला सुआरेज नवारो को 4-6, 7-5, 6-1 से हराकर इटालियन ओपन का खिताब जीत लिया है। उन्होंने तीसरी बार यह खिताब जीता है। सुआरेज दुनिया में 10वें नंबर की खिलाड़ी हैं।
इस जीत के साथ ही शारापोवा को अगले हफ्ते शुरू हो रहे फ्रेंच ओपन में फायदा मिलेगा। उन्हें टूर्नामेंट की दूसरी वरीयता मिलेगी।