नोवाक जोकोविच ने कहा कि वह और उनकी पत्नी अब कोरोना वायरस की जांच में निगेटिव आए हैं। शीर्ष रैंकिंग का यह खिलाड़ी एक प्रदर्शनी सीरीज में खेलने के बाद कोविड-19 पॉजिटिव आया था।
इस प्रदर्शनी सीरीज का आयोजन जोकोविच ने ही सर्बिया और क्रोएशिया में किया था जिसमें महामारी के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया गया। उनकी मीडिया टीम ने कहा, 'नोवाक जोकोविच और उनकी पत्नी येलेना कोविड-19 जांच में निगेटिव आए हैं। बेलग्रेड में दोनों के पीसीआर परीक्षण में यह रिपोर्ट आई।'
इस बयान में कहा गया कि दोनों में कोई लक्षण नहीं थे और 10 दिन पहले कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद दोनों सर्बिया की राजधानी में पृथकवास में रह रहे थे। जोकोविच के अलावा इस टूर्नामेंट से ग्रिगोर दिमित्रोव, बोर्ना कोरिच और विक्टर ट्रोइकी इस वायरस से संक्रमित हुए थे।