यूएस ओपन के पहले दिन सभी बड़े खिलाड़ियों से जीत से शुरुआत की। वर्ल्ड नंबर वन नोवाक जोकोविच और मारिया शारापोवा अपने-अपने मुकाबले जीत गए हैं।
पुरुष वर्ग में नंबर वन और सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्जतमैन को बेहद आसान मुकाबले में हराया। जोकोविच ने यह मुकाबला 98 मिनट में 6-1, 6-2, 6-4 से जीता।
महिला वर्ग में रूस की मारिया शारापोवा ने भी जीत से शुरुआत की। उन्होंने पहले दौर में अपने ही देश की मारिया कीरिलेंको को 6-4, 6-0 से हरा दिया। 2006 की चैंपियन शारापोवा पहले सेट में 4-2 से पिछड़ी हुई थी लेकिन अगले 10 गेम जीतकर मैच को महज 90 मिनट में जीत लिया।
ऑस्ट्रेलिया के नए टेनिस स्टार और निक किर्जिओस भी अगले दौर में पहुंच गए हैं। विंबल्डन में राफेल नदाल को हराने वाले किर्जिओस ने 21वीं वरीयता प्राप्त मिखाइल योझिनी को 7-5, 7-6 (7-4), 2-6, 7-6 (7-1) से हराया।
इससे पहले कनाडा की दो स्टार खिलाड़ियों को यूएस ओपन में पहले राउंड में ही हार का मुंह देखना पड़ा। कनाडा की शरोन फिचमैन और ब्लेनविले की एलेक्जेंद्रा वोजनियाक साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम में पहले राउंड में बाहर हो गई।
वहीं, पोलैंड की अग्निस्जका रदवांस्का ने फिचमैन को हराकर यूएस ओपन में धमाकेदार शुरुआत की। रदवांस्का ने फिचमैन को महज 47 मिनट में 6-1, 6-0 से बाहर का रास्ता दिखाया। चौथी सीड रदवांस्का ने दूसरे सेट में 112वीं वरीय अपनी प्रतिद्वंद्वी को सिर्फ तीन अंक लेने दिए। 27 वर्षीय पोलिश स्टार न्यूयॉर्क में कभी भी चौथे राउंड के ऊपर नहीं पहुंची हैं। अब अगले राउंड में रदवांस्का का मुकाबला चीन की पेंग शुई और झेग झि के बीच होने वाले मुकाबले से होगा।
दूसरी ओर, वोजनियाक को जापान की कुरुमि नारा के हाथों 6-2, 6-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी, जबकि 14वीं सीड चेक गणराज्य की लुसी साफारोवा ने हंगरी की मिमेआ बाबोस को 6-4, 7-5 से हराया। छठी सीड जर्मनी की एंजेलिका क्रेबेर ने रूस की केसेनिआ पेर्वाक को 6-2, 3-6, 7-5 से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
दूसरी सीड रोमानिया की सिमोन हालेप ने अमेरिका की डेनियल कोलिंस को 6-7, 6-1, 6-2 से शिकस्त दी। 18वीं सीड जर्मनी की आंद्रे पेटकोविक ने टियूनिशिया की ओनस जाबेउर को 7-6, 1-6, 6-3 से हराया।