भारत के तीन टॉप डबल्स खिलाड़ी लिएंडर पेस, महेश भूपति और रोहन बोपन्ना सोमवार से शुरू हो रहे चेन्नई ओपन एटीपी टेनिस टूर्नामेंट के युगल मुकाबलों में अलग-अलग जोड़ीदार के साथ उतरेंगे। सिंगल्स के लिए भी दुनिया भर के दिग्गज यहां पहुंच चुके हैं।
भूपति ने इस टूर्नामेंट में पांचवें नंबर के युगल खिलाड़ी कनाडा के डेनियल नेस्टर के साथ जोड़ी बनाई है जबकि तीसरे नंबर के खिलाड़ी और पिछले चैम्पियन लिएंडर पेस के जोडीदार फ्रांस के एडवर्ड रोजर वेसेलिन होंगे। बोपन्ना के जोड़दार अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के राजीव राम हैं।
भूपति और नेस्टर को 16 टीमों के ड्रा में शीर्ष वरीयता दी गई है जबकि पेस-रोजर को दूसरी वरीयता मिली है। बोपन्ना और राजीव की जोड़ी को तीसरी सीड होगी। पेस खिताबी हैट्रिक बनाने के इरादे से उतरेंगे। उन्होंने 2011 में भूपति के साथ और 2012 में जानको टिप्सारेविच के साथ खिताब जीता था।
वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाले विष्णु वर्धन और सनम सिंह तथा श्रीराम बालाजी और जीवन नेदुनचेझियन के लिए पहला मुकाबला मुश्किल हो सकता है। बालाजी और जीवन का पहला मुकाबला भूपति और नेस्टर की टॉप सीड जोड़ी से होगा।
सिंगल्स में भारत के सोमदेव देववर्मन और युकी भांबरी के लिए पहला राउंड मुश्किल होगा। इन दोनों खिलाड़ियों को वाइल्ड कार्ड के जरिए प्रवेश दिया गया है।
कंधे की चोट से उबरकर कोर्ट पर वापसी करने वाले विश्व रैंकिंग में 663वें नंबर के सोमदेव का पहला मुकाबला विश्व रैंकिंग में 106 वें नंबर के खिलाडी चेक गणराज्य के जान हाजेक से होगा । सोमदेव 2009 में सिलिच से हारकर उपविजेता रहे थे।
जोकोविच ने जीता खिताब
दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने एक सेट से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए स्पेन के निकोलस अलमाग्रो को 6-7, 6-3, 6-4 से हराकर विश्व टेनिस चैंपियनशिप प्रदर्शनी टूर्नामेंट जीत लिया। अलमाग्रो इस टूर्नामेंट में अपने ही देश के राफेल नदाल की जगह उतरे थे।