जापान की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में ओसाका ने अमेरिकी दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को 6-3, 6-4 से हरा दिया। वह शनिवार (20 फरवरी) को होने वाले फाइनल में अमेरिका की 22वीं वरीय जेनिफर ब्राडी से भिड़ेंगी।
सेरेना के खिलाफ कोर्ट में खेलना मेरे लिए एक सपने जैसा
जीत के बाद ओसाका ने कहा, सेरेना के साथ खेलना एक सम्मान जैसा था। मैं जब छोटी थी तभी से उनका खेल देखते आ रही हूं। उनके (सेरेना) खिलाफ कोर्ट में खेलना मेरे लिए एक सपने जैसा है।'
वहीं, एक अन्य सेमीफाइनल में अमेरिका की 22वीं वरीय जेनिफर ब्राडी ने चेक गणराज्य की 25वीं वरीय कारोलिना मुचोवा को 6-4, 3-6, 6-4 से हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में पहुंची। खिताबी मुकाबले में ब्राडी की भिड़ंत जापान की ओसाका से होगी। ब्राडी पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। ओसाका ने उन्हें पिछले साल यूएस ओपन के सेमीफाइनल में हराया था।