रूस की मिरा आंद्रिवा ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए फ्रेंच ओपन में महिला एकल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। 19 साल की आंद्रिवा ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की मार्ता कोस्तयुक को एक घंटे 16 मिनट तक चले मुकाबले में 6-1, 6-3 से हराया और पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया है।
इस सीजन कोस्तयुक के खिलाफ जीता पहला मैच
आंद्रिवा के लिए यह जीत काफी महत्वपूर्ण है। ऐसा इसलिए नहीं क्योंकि वह पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं, बल्कि इसलिए भी क्योंकि यह उनकी कोस्तयुक के खिलाफ पहली जीत है। आंद्रिवा को यूक्रेन की इस खिलाड़ी के खिलाफ इस सीजन पिछले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। आंद्रिवा इससे पहले कोस्तयुक के खिलाफ एक सेट भी जीत सकी थीं, लेकिन उन्होंने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ निडर होकर खेला और शुरुआत से लेकर अंत तक दमदार प्रदर्शन किया।
दो साल पहले टूट गया था फाइनल में जाने का सपना
दो साल पहले 2024 में आंद्रिवा का रोलां गैरां पर सफर जैस्मीन पाओलिनी के खिलाफ सेमीफाइनल में हार के साथ खत्म हुआ था। इस बार उन्होंने पिछली गलतियों से सीखा और यह सुनिश्चित किया कि इस बार वह फाइनल में पहुंचने में सफल रहें। आंद्रिवा ने इसके साथ ही कोस्तयुक से पिछले महीने मैड्रिड ओपन के फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता किया। आंद्रिवा का सामना अब खिताब के लिए डियाना शनेडर और माजा चवालिंस्का के बीच होने वाले एक अन्य सेमीफाइनल की विजेता खिलाड़ी से होगा।
कोस्तयुक का अजेय अभियान टूटा
आंद्रिवा पिछले 30 वर्षों में फ्रेंच ओपन फाइनल में पहुंचने वाली पांचवीं सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी बनीं और उन्होंने इस सीजन में अपनी 35वीं जीत दर्ज की जो टूर में सबसे अधिक है। खास बात यह है कि उन्होंने कोस्तयुक के क्ले कोर्ट पर लगातार 17 मैचों में अजेय रहने के सिलसिले को शानदार तरीके से तोड़ दिया।
दोनों खिलाड़ियों ने नहीं मिलाए हाथ
मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया और कोस्तयुक तेजी से बाहर चली गईं। उन्होंने सिर्फ मुड़कर कोर्ट फिलिप चैट्रियर में मौजूद दर्शकों की ओर हाथ हिलाया और उन्हें किस का इशारा किया। इस कोर्ट पर कुछ प्रशंसक यूक्रेन के झंडे ओढ़े हुए नजर आए। मैच से पहले का माहौल कुछ तनावपूर्ण था क्योंकि खिलाड़ियों ने अलग-अलग तस्वीरें खिंचवाईं। वे दोनों नेट के अपनी-अपनी तरफ दो बच्चों के साथ खड़ी थीं। आमतौर पर खिलाड़ी एक ही तस्वीर खिंचवाते हैं जिसमें वे नेट के पास एक-दूसरे के ठीक बगल में खड़े होते हैं।
सारा-ववासोरी ने जीता मिश्रित युगल का खिताब
शीर्ष वरीयता प्राप्त इटली की सारा एरानी और एंड्रिया ववासोरी ने गुरुवार को मिश्रित युगल खिताब जीत लिया। उन्होंने कनाडा की गैब्रिएला दाब्रोवस्की और अमेरिका के इवान किंग को 4-6, 6-3, 10-4 से हराया।