विश्व रैंकिग में शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलियाई महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सोमवार को उन्होंने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेलारूस की 14वीं वरीय और तीन बार की मियामी ओपन चैंपियन विक्टोरिया अजारेंका को 6-1, 1-6, 6-2 से हराया। बार्टी की यह तीन सेट वाले पिछले 20 मुकाबलों में 17वीं जीत है। बार्टी का अगला मुकाबला आर्यना सबलेंका से होगा।
अन्य मुकाबले में दूसरे नंबर की खिलाड़ी जापान की नाओमी ओसाका ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए लगातार 23वीं जीत दर्ज की। उन्होंने बेल्जियम की 16वीं वरीय एलिस मर्टेंस को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। ओसाका के सामने अब ग्रीस की खिलाड़ी मारिया सक्कारी की चुनौती होगी। बता दें कि ओसाका लगभग एक साल से अजेय है और इस दौरान उन्होंने पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के रूप में अपना चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।
इनके अलावा महिलाओं के एकल मुकाबले में यूक्रेन की पांचवीं वरीय एलीना स्वितोलिना ने ढाई घंटे तक चले मुकाबले में नौवीं वरीय पेत्रा क्वितोवा को 2-6, 7-5, 7-5 से हराया और क्वार्टर फाइनल में पहुंची। स्वितोलिना ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की और आखिरी के सेट अपने नाम कर मैच में बाजी मारी।