स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने अपनी जोड़ीदार ताइवान की चान युंग-जान के साथ रविवार को यूएस ओपन विमेंस डबल्स टाइटल जीता। हिंगिस-जान की जोड़ी ने चेक रिपब्लिक की लूसी राडेका और कैटरीना सिनीकोवा को 6-3, 6-2 से हराकर टाइटल जीता।
मार्टिना हिंगिस ने मौजूदा यूएस ओपन में अपना दूसरा टाइटल जीता। इससे पहले उन्होंने शनिवार को जेमी मरे के साथ मिक्स्ड डबल्स टाइटल जीता था। वहीं उनकी जोड़ीदार चान ने पहली बार ग्रैंडस्लैम खिताब जीता। इस जीत के साथ ही हिंगिस के करियर का 25वां ग्रैंडस्लैम टाइटल जीता, जिसमें 5 सिंगल्स, 13 डबल्स और 7 मिक्स्ड डबल्स खिताब शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : मार्टिना हिंगिस और जेमी मरे ने जीता मिक्स्ड डबल्स खिताब
हिंगिस और चान की जोड़ी ने बिना सेट गंवाए फाइनल में प्रवेश किया था और उनका यही क्रम फाइनल में भी जारी रहा। हिंगिस और चान की जोड़ी को एक भी ब्रेक पॉइंट का सामना नहीं करना पड़ा। हिंगिस ने शानदार फॉरहैंड शॉट खेलकर जीत पर मुहर लगाईं।
बता दें कि हिंगिस और चान की जोड़ी इस सीजन में पहले भी दो बार चेक रिपब्लिक की जोड़ी से भिड़ चुकी है और दोनों ही बार स्विस-ताइवान जोड़ी ने जीत दर्ज की।
फाइनल जीतने के बाद हिंगिस ने कहा, 'वीनस विलियम्स के खिलाफ यहां सिंगल्स का फाइनल खेलना अद्भुत अनुभव था। हम दोनों युवा थे और तब मैं पहली बार एश स्टेडियम में खेल रही थी। यहां 20 वर्ष के बाद आकर खिताब जीतना सचमुच शानदार है।'