भारत के महेश भूपति और कनाडा के डेनियल नेस्टर की पांचवीं सीड जोडी़ ने आज ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में जगह बना ली। वहीं, भारत के रोहन बोपन्ना को पुरूष युगल मुकाबलों में हार का सामना करना पडा़ लेकिन मिश्रित युगल में वह दूसरे दौर में पहुंच गए।
भूपति और नेस्टर ने रोमानिया के विक्टर हानेस्कु और स्लोवाकिया के मार्टिन क्लिजान की गैर वरीय जोडी़ को एक घंटा 23 मिनट में 6-1, 7-6 से मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया, जहां उनका मुकाबला इटली के साइमन बोलेली और फाबियो फोगनिनी की जोडी़ से होगा। इस जोडी़ ने दूसरे दौर के अन्य मुकाबले में भारत के बोपन्ना और अमेरिका के राजीव राम की 12वीं सीड जोडी़ को उलटफेर का शिकार बनाया।
भूपति और उनके कनाडाई जोडी़दार ने पहले सेट में जबदस्त प्रदर्शन किया और मात्र 22 मिनट में 6-1 से पहला सेट अपने नाम कर लिया। लेकिन प्रतिद्वंद्वी जोडी़ ने दूसरे सेट में वापसी की पूरी कोशिश की और सेट टाईब्रेक तक खिंच गया। भूपति और नेस्टर ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए टाईब्रेक 10-8 से जीतने के साथ ही सेट 7-6 से जीत लिया और अगले दौर में जगह बना ली।
बोपन्ना ने अपनी जोडी़दार चीनी ताइपे के सु वी सीह के साथ मिलकर मिश्रित युगल के पहले दौर की चुनौती पार कर ली लेकिन पुरूष युगल में उन्हें हार का सामना करना पडा़। मिश्रित युगल में बोपन्ना और सु ने ऑस्ट्रेलिया की एश्लीघ बार्टी और अमेरिका के जैक साक को लगातार सेटों में 6-3, 6-3 से हराया। बोपन्ना और सु ने पहला सेट 27 और दूसरा सेट 28 मिनट में अपने नाम कर लिया।
पुरुष युगल में बोपन्ना और अमेरिका के राजीव राम की 12वीं सीड जोडी़ उस समय उलटफेर का शिकार हो गई जब साइमन और फाबियो ने उन्हें एक घंटा 23 मिनट में 6-2, 7-6 से शिकस्त दी। इतालवी जोडी़ ने पहला सेट आसानी से 6-2 से अपने नाम कर लिया। बोपन्ना और राजीव ने दूसरे सेट में वापसी करने की कोशिश की लेकिन टाईब्रेक गंवाने के साथ ही वे मैच हार गए।