भूपति ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया कि पेस के इस तरह के बर्ताव के कारण आगामी मुकाबलों में उनके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'मैं इस टीम का कप्तान हूं और मुझे नहीं लगता कि मुझे इस सवाल का जवाब देना चाहिए।'
डेविस कप के बदले हुए प्रारूप के क्वालीफायर में भारत को एक और दो फरवरी को इटली की मजबूत टीम का सामना करना है और भूपति ने कहा कि भारत के पास इस मैच में जीत दर्ज करने का अच्छा मौका होगा। उन्होंने कहा, 'हमें खुशी है कि हमें अपना मैच स्वदेश में खेलना है। इटली की टीम मजबूत है लेकिन हम स्वदेश में खेल रहे हैं इसलिए हमारे पास अच्छा मौका है।'
इस साल क्वार्टर फाइनल में हारने वाली चार टीमों में क्वालीफायर में जगह मिली है जिसमें इटली भी शामिल था। विश्व ग्रुप प्ले आफ में सर्बिया के खिलाफ शिकस्त झेलने वाले भारत ने एशिया-ओसियाना क्षेत्र में बेहतर डेविस कप रैंकिंग के कारण क्वालीफायर में जगह बनाई है।
क्वालीफायर की 12 विजेता टीमें 18 टीमों के फाइनल में जगह बनाएंगी जो 18 से 24 नवंबर तक खेला जाएगा। इस साल सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चार टीमें और दो वाइल्ड कार्ड धारक टीमें (अर्जेन्टीना और ब्रिटेन) भी इस टूर्नामेंट का हिस्सा होंगी।
भारतीय खिलाड़ियों को किसी तरह की चोट से जुड़े सवाल के जवाब में भूपति ने कहा, 'यह आफ सीजन है। कोई भी खिलाड़ी टेनिस नहीं खेल रहा।' भूपति ने साथ ही कहा कि भारतीय टीम में इससे पहले उन्होंने कभी इतनी गहराई नहीं देखी। उन्होंने कहा, 'जहां तक मुझे याद है भारतीय टेनिस में इससे पहले कभी इतनी गहराई नहीं थी। हमारे पास प्रजनेश (गुणेश्वरन), रामकुमार (रामनाथन) जैसे खिलाड़ी हैं जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमने काफी पदक जीते हैं। महिला वर्ग अंकिता रैना और करमन कौर थंडी अच्छा कर रहे हैं।'