किकि बर्टेंस और अनास्तासिजा सेवास्तोवा ने मैड्रिड ओपन के अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया। किकि ने जेलेना ओस्तापेंको को आसानी से 6-3, 6-4 से, जबकि अनास्तासिजा सेवास्तोवा ने मिहेएला को 6-3, 6-4 से पराजित किया।
वहीं दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी नाओमी ओसाका, एंजेलिक कर्बर और सिमोना हालेप ने पहले दौर की बाधा पार कर ली। जापानी खिलाड़ी ओसाका ने पहले दौर में डोमिनिका सिबुलकोवा को 6-2,7-6 से, हालेप ने मार्गरीटा गैसपेरियन को 6-0, 6-4 से और कर्बर ने लिसिया सुरेंको को 6-3,6-2 से मात देकर दूसरे दौर में जगह बनाई। जोहाना कोंटा ने एलिसन रिस्के को 6-4,6-1 से, कार्लो सुआरेज नवारो ने मारिया शिकारी को 6-3,6-3 से, पेत्रा मार्टिक ने गर्बाइने मुगुरूजा को 7-5,7-6 से और डोना वेकिस ने वांग क्यिांग को 7-5, 6-4 से बाहर का रास्ता दिखाया।
पहले ही दौर में हारे किर्गियोस
पुरुष वर्ग में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस की चुनौती पहले ही दौर में खत्म हो गई। किर्गियोस को जॉन लेनार्ड के हाथों 6-7, 4-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। अन्य मुकाबलों में मार्टिन कलिजान ने एड्रियन मान्नरिनो को 6-3,6-2 से, फेलिक्स ने डेनिस शापोवालोव 6-2, 7-6 से, एल्बर्ट रामोस ने कैस्पर रूड को 2-6, 7-6,6-1 से पराजित किया।
फेडरर फिर शीर्ष तीन में शामिल
स्विस स्टार रोजर फेडरर एटीपी की ताजा रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष तीन में शुमार हो गए हैं। बीस बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन फेडरर एक स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। नोवाक जोकोविच शीर्ष और राफेल नदाल नंबर दो पर कायम हैं। अलेक्जेंडर ज्वेरेव चौथे और डोमिनिक थिएम पांचवें नंबर पर हैं। डब्ल्यूटीए रैंकिंग में ओसाका पहले, पेत्रा क्वितोवा दूसरे, सिमोना हालेप तीसरे, कर्बर चौथे और कैरोलिन प्लिस्कोवा पांचवें नंबर पर बरकरार हैं।