ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और भारतीय दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने सोमवार को संन्यास लेने के संकेत दे दिए। उन्होंने कहा कि वह अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जीत के लिए अपने अनुभव पर भरोसा करते हैं और वह एक साल से ज्यादा नहीं खेलना चाहते हैं।
पेस ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'अब मैं अपने अनुभव के दम पर जीत दर्ज करता हूं लेकिन टीम के हितों को देखते हुए मुझे एक साल से अधिक नहीं खेलना चाहिए। मैं 46 साल का हो चुका हूं और मेरी जगह अब नयी पीढ़ी को लेनी चाहिए। भारतीय टेनिस का मुख्य उद्देश्य अभी नयी और युवा टीम तैयार करना होना चाहिए।'
गौरतलब है कि 46 साल के पेस ने ने डेविस कप में 44वां युगल मैच जीतकर खुद के रिकार्ड में सुधार किया। भारत ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 4-0 से हराया था। बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए भारत की डेविस कप टीम में चुना गया था।