भारत के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को बेंगलुरु ओपन के आखिरी दिन रविवार को सम्मानित किया गया। घरेलू कोर्ट पर एटीपी टूर का अपना आखिरी मुकाबला खेलने वाले पेस को पूर्व ओलंपियन और स्पोर्ट्सपर्सन के द्वारा बेंगलुरु के केएसएलटीए स्टेडियम में सम्मानित किया गया।
लिएंडर पेस और उनके जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन को शनिवार को बेंगलुरु ओपन के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। पेस और उनके आस्ट्रेलियाई जोड़ीदार को चौथी वरीयता प्राप्त पूरव राजा और रामकुमार रामनाथन की भारतीय जोड़ी ने 6-0, 6-3 से हराया था।
गौरतलब है कि फाइनल से पहले पेस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा था, 'घरेलू जमीन पर आखिरी टूर्नामेंट के फाइनल में होना काफी खुशी की बात है। उन्होंने ट्वीट किया कि किसी ने मुझ से कहा कि अपने घरेलू मैदान पर आखिरी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने के बारे में सोचो। मैंने कहा कि यह सपने की तरह होगा। और यह सपना आज सच हो रहा है। खुशी इस बात की भी है कि आज एक भारतीय ही इस खिताब को जीतेगा।'
डेविस कप में सबसे ज्यादा डबल्स मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड लिएंडर पेस के ही नाम है। पाकिस्तानी जोड़ी (मुहम्मद शोएब और हुफेजा अबदुल रहमान) के खिलाफ पेस की 44वीं जीत दर्ज की थी। पिछले साल डेविस कप में उन्होंने निकोला के रिकॉर्ड को तोड़कर सबसे ज्यादा डबल्स मैच जीतने का रिकॉर्ड कायम किया था।