फ्रेंच ओपन 2017 की चैंपियन जेलेना ऑस्टापेंको कार्यक्रम में बदलाव के कारण यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट से हट गई हैं। इस तरह से वह ग्रैंडस्लैम चैंपियन या शीर्ष रैंकिंग वाली उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गई है, जिन्होंने कोरोना वायरस महामारी के बावजूद अगले सप्ताह से शुरू होने वाले यूएस ओपन से नाम वापस लिया है। डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष आठ में शामिल छह खिलाड़ी पहले ही इस टूर्नामेंट से हट गई थी। इनमें पिछले साल की फ्रेंच ओपन चैंपियन और नंबर एक एशले बार्टी तथा यूएस ओपन में 2019 की विजेता और नंबर छह बियांका आंद्रीस्कू भी शामिल हैं। कार्ला सुआरेज नवारो ने भी सोमवार को टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। जेलेना ऑस्टापेंको और सुआरेज नवारों के हटने के कारण कुरुमी नारा और व्हिटनी ओसीग्वे को मुख्य ड्रॉ में जगह दी गई है।