शीर्ष वरीय सिमोना हालेप ने शनिवार को इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैच के दौरान ही कजाखस्तान की उनकी प्रतिद्वंद्वी यूलिया पुतिनत्सेवा ने पीठ के निचले हिस्से में चोट की वजह से मैच के बीच से रिटायर होने का फैसला किया। हालेप तब 6-2 2-0 से आगे चल रही थीं, जब पुतिनत्सेवा ने दर्द के कारण हटने का फैसला किया। इससे पहले वह सेट के बीच में भी मेडिकल टाइम आउट ले चुकी थीं।
सिमोना हालेप यहां 2013 और 2015 में सेमीफाइनल में पहुंची थीं जबकि 2017 और 2018 में वह उपविजेता रही थीं।
पुतिनत्सेवा यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी जबकि हालेप ने कोरोना वायरस के कारण यात्रा संबंधित चिंताओं के कारण इसमें नहीं खेलने का फैसला किया था। अब हालेप का सामना दो बार की ग्रैंडस्लैम विजेता गार्बाइन मुगुरूजा और यूएस ओपन की उप विजेता विक्टोरिया अजारेंका के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
केस्पर रुड अंतिम चार में
इस बीच पुरुष एकल में केस्पर रुड ने मेटेयो बेरेटिनी को हराया। अन्य क्वार्टर फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच का सामना डेमियन कोएफर से होगा जबकि कनाडा के डेनिस शापावालोव की टक्कर दिमित्रोव से होगी।
बोपन्ना-डेनिस की जोड़ी बाहर
भारत के रोहन बोपन्ना और कनाडा के डेनिस शापोवालोव की जोड़ी इटालियन ओपन टेनिस के पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के जेरेमी चार्डी और फेब्रिस मार्टिन से हारकर बाहर हो गई। दोनों को 6-4, 5-7, 7-10 से पराजय का सामना करना पड़ा। बोपन्ना और शापोवालोव ने दूसरे दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त जुआन सेबेस्टियन काबाल और कोलंबिया के राबर्ट फाराह को मात दी थी। बोपन्ना और शापोवालोव अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी हार गए थे