दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच इन दिनों साल के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिए एडिलेड में हैं और अपनी क्वारंटीन अवधि पूरी कर चुके हैं। उन्हें शुक्रवार को एडिलेड में एक प्रदर्शनी मैच भी खेलना था। एक ऐसा मैच जिसमें दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले थे। लेकिन मैच से ठीक पहले जोकोविच ने हाथ में सूजन की वजह से अपना नाम वापस ले लिया। उन्हें यहां जैनिक सिनर के साथ मैच खेलना था।
जोकोविच को एडिलेड के मेमोरियल ड्राइव टेनिस क्लब में 4000 दर्शकों के सामने इस मुकाबले में उतरना था, लेकिन कोर्ट में उतरने से पहले ही उन्होंने इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उनके हमवतन फिलिप क्राजिनोविच ने इस मुकाबले में हिस्सा लिया। हालांकि क्राजिनोविच के पहले सेट जीतने के बाद जोकोविच मैदान पर उतरे और बाकी के दोनों सेट में इटालियन युवा सिनर को 6-3, 6-3 से हरा दिया।
मैच के बाद जोकोविच ने माफी मांगते हुए कहा, 'कोर्ट में शुरुआत से नहीं उतरने के लिए मैं माफी मांगता हूं। मुझे अपने फिजियो से कुछ उपचार करवाना था क्योंकि मैं पिछले दो दिन से अच्छा महसूस नहीं कर रहा था।'
जोकोविच ने अपनी चोट को लेकर कहा कि हम एक पेशेवर खिलाड़ी हैं और हमें पिछले कई सालों से दर्द के बावजूद खेलते रहे हैं। ऐसे में यह मायने रखता है कि हम दर्द को बर्दाश्त करते हुए खेल सकते हैं या नहीं। यह सिर्फ समय की बात है।
इससे पहले जोकोविच ने रिपोर्टर्स को बताया था कि वह 14 दिन के क्वारंटीन के खत्म होने का जश्न मनाने के लिए पार्क में टहलने गए थे।