भारतीय टेनिस खिलाड़ी प्रजनेश गुणेश्वरन ने शनिवार को ‘लकी लूजर’ के तौर पर आस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष एकल के मुख्य ड्रा में जगह बना ली। अब अगर वह पहली बाधा पार करने में सफल रहते हैं तो दूसरे दौर में उनका मुकाबला विश्व के नंबर दो नोवाक जोकोविच से हो सकता है।
प्रजनेश क्वालीफाईंग दौर के अपने अंतिम मैच में लाटविया के अर्नेस्ट गुलबिस से सीधे सेटों में हार गए थे लेकिन किस्मत ने उनका साथ दिया और वह मुख्य ड्रा में जगह बनाने में सफल रहे। दरअसल शनिवार को मुख्य ड्रा में सीधा प्रवेश पाने वाले एक खिलाड़ी ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया जिसके बाद बायें हाथ से खेलने वाले प्रजनेश को लगातार पांचवीं बार किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रा में खेलने का मौका मिल गया।
प्रजनेश ने पिछले साल क्वालीफायर के जरिए आस्ट्रेलियाई ओपन में जगह बनाई थी लेकिन विंबलडन, फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन में बेहतर रैकिंग के आधार पर उन्होंने मुख्य ड्रा में स्थान पाया था।
प्रजनेश को अब ऑस्ट्रेलियाई ओपन के शुरूआत में अच्छा ड्रा मिल गया है। उनका पहला मुकाबला 144वीं रैंकिंग वाले जापानी तात्सुमो इटो से होगा। अगर प्रजनेश अपना पहला मैच जीत लेते हैं तो उन्हें सर्बियाई दिग्गज जोकोविच के साथ खेलने का मौका मिल सकता है।