भारतीय डेविस कप टीम 55 साल के बाद पाकिस्तान का दौरा कर सकती है। अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने संकेत दिए कि केंद्र सरकार सितंबर में पड़ोसी देश में खेलने के लिए खिलाड़ियों को अनुमति दे सकती है।
भारतीय डेविस कप टीम मार्च 1964 के बाद पाकिस्तान दौरे पर नहीं गई। वह मुकाबला तब लाहौर में खेला गया था, जिसे भारत ने 4-0 से जीता था। एआईटीए के महासचिव हिरणमय चटर्जी ने कहा कि हमने सरकार को इस संबंध में पत्र लिखा है और उम्मीद है कि हम पाक जाएंगे, हमें ऐसा लगता है। यह द्विपक्षीय सीरीज नहीं है, यह विश्व कप जैसा है इसलिए सरकार को अनुमति देनी होगी। मुझे विश्वास है कि हम पाकिस्तान में जाकर खेलेंगे। पाकिस्तान महासंघ ने कहा है कि यह मुकाबला इस्लामाबाद में होगा। इस एशिया ओसियाना ग्रुप एक मुकाबले का विजेता विश्व ग्रुप क्वालिफायर में जाएगा।