पिछड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी की और मेजबान न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया को प्लेऑफ में पहुंचा दिया।
सोमदेव देववर्मन और युकी भांबरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड से दोनों उलट एकल मुकाबले जीतकर भारत को डेविस कप विश्व ग्रुप प्लेऑफ में खेलने की योग्यता दिला दी। भारत ने डेविस कप एशिया ओसनिया ग्रुप-एक मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी।
क्राइस्टचर्च में रविवार को खेले गए पहले उलट एकल मुकाबले में सोमदेव ने न्यूजीलैंड के मार्कस डेनियल को दो घंटे और 18 मिनट में 6-4, 6-4, 6-4 से पराजित किया।
न्यूजीलैंड की ओर से जोस स्टैथम की जगह डेनियल इस मुकाबले में खेलने उतरे थे। स्टैथम फ्लू से पीड़ित होने की वजह से कोर्ट पर नहीं उतर सके। इस मुकाबले में जीत के बाद भारत ने 2-2 की बराबरी कर ली थी।
इसके बाद दूसरे और निर्णायक उलट एकल मुकाबले में युकी ने माइकल वीनस को 6-2, 6-2, 6-3 से पराजित कर भारत को विश्व ग्रुप प्लेऑफ में पहुंचा दिया।
भारत ने शुक्रवार को पहला एकल मुकाबला हारने के बाद दूसरा एकल जीतकर 1-1 की बराबरी कर ली थी लेकिन शनिवार को युगल मुकाबला हारकर भारत एक बार फिर 1-2 से पिछड़ गया था। भारत के रोहन बोपन्ना और साकेत मिनेनी की जोड़ी अप्रत्याशित तरीके से युगल मुकाबला हार गए थे।
इससे सोमदेव और युकी पर काफी दबाव आ गया था और भारत को विश्व ग्रुप प्लेऑफ में पहुंचाने के लिए उन्हें हर हाल में दोनों उलट एकल मुकाबले जीतने जरूरी थे। 23 वर्षीय युकी अपने दोनों मुकाबले जीतने में कामयाब रहे। जबकि सोमदेव को पहले सिंगल्स में हार का सामना करना पड़ा था।
मोरेस्मो टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल
दूसरी ओर, न्यूपोर्ट में पूर्व दिग्गज टेनिस खिलाड़ी एमिली मोरेस्मो को अंतरराष्ट्रीय टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। हालांकि वह समारोह में हिस्सा नहीं ले सकीं क्योंकि अगस्त की शुरुआत में वह पहली बार मां बनने वाली हैं।
फ्रांस की इस 36 वर्षीय खिलाड़ी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के डेविड हॉल को भी हॉल ऑफ फेम में शामिल गया गया है जो पैरालंपिक में छह बार के पदक विजेता हैं। मोरेस्मो फिलहाल एंडी मरे की कोच हैं। मोरेस्मो ने 2006 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन और विंबलडन का खिताब जीता और डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 39 हफ्तों तक नंबर एक रहीं थीं। उन्होंने 25 एकल खिताब जीतने के अलावा 2004 एथेंस ओलंपिक में रजत पदक भी हासिल किया था।