दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव हाले ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। क्वार्टर फाइनल में रूसी खिलाड़ी ने स्पेन के राबर्टो बातिस्ता आगुट को 6-2, 6-4 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। अब उनका सेमीफाइनल में सामना जर्मनी के ऑस्कर ओटे से होगा, जिन्होंने एक कड़े मुकाबले में रूस के ही कारेन खाचानोव को 4-6, 7-6, 6-4 से मात दी। सेमीफाइनल में 51वीं रैंकिंग वाले 28 साल के ओटे अपने पहले फाइनल में पहुंचने का प्रयास करेंगे।
9 ब्रेक प्वाइंट बचाए डेनियल ने
ग्रास कोर्ट पर होने वाले इस टूर्नामेंट में 26 वर्षीय मेदवेदेव ने एक घंटे 27 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 9 ब्रेक प्वाइंट बचाकर मैच अपने नाम किया। हालांकि, मेदवेदेव को विंबलडन में खेलने की अनुमति नहीं होगी क्योंकि यूक्रेन पर पर हमले के कारण रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगा है ।
किर्गियोस ने पाब्लो को हराया
ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने स्पेन के पाब्लो कारेनो बुस्टा को 6-4, 6-2 से हराया। उनका सामना पोलैंड के हुबर्ट हुरकाज से होगा जिन्होंने कनाडा के फेलिक्स आगर एलियास्मे को 7-6, 7-6 से हराया।
मैच जीतने के बाद डेनिल मेदवेदेव ने कहा कि आज जीतना मुश्किल लग रहा था, लेकिन मेरी योजना थी कि कामयाब होना है और मैं सफल रहा।