स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने टेनिस से संन्यास ले लिया है। 38 वर्षीय नडाल मंगलवार को डेविस कप के क्वार्टर फाइनल में पुरुष एकल के मुकाबले में नीदरलैंड के जेंडशुल्प से हार गए। 22 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नडाल ने पिछले 23 वर्षों में एक शानदार और ऐतिहासिक करियर का आनंद लिया। नडाल के पेशेवर टेनिस से संन्यास लेने के बाद नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कारेज से लेकर टेनिस के कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन और नडाल के कड़े प्रतिद्वंद्वी रहे सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने कहा, आपकी दृढ़ता, आपका जुझारू जज्बा, आपकी ऊर्जा कुछ ऐसी चीजे हैं जिनका अध्ययन किया जाएगा। यह कुछ ऐसा है जो आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। मुझे आपका प्रतिद्वंद्वी कहलाने पर गर्व और रोमांच महसूस हो रहा है। टेनिस जगत और खेल जगत को आपकी अविश्वसनीय ऊर्जा की कमी खलेगी।
जोकोविच से पहले फैब थ्री के एक और सदस्य रोजर फेडरर ने भी नडाल के संन्यास पर सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश पोस्ट किया था। वहीं, दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता ब्रिटेन के एंडी मरे ने कहा, आप जिस जुनून से खेले हैं, वह कुछ ऐसा है जिसकी सभी टेनिस खिलाड़ी आकांक्षा रखते हैं और सभी टेनिस प्रशंसक आपको इसके लिए याद रखेंगे। आपको देखना अविश्वसनीय रहा है।
चार बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन और नडाल के हमवतन कार्लोस अल्कारेज ने कहा, मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि उनके साथ कोर्ट पर और बाहर के पलों का अनुभव किया। मैंने पहले भी कई बार कहा है कि मैं और भी कई पल साझा करना पसंद करता।