फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

French Open 2020: नडाल 13वीं बार सेमीफाइनल में, डिएगो से होगा सामना

Thu, 08 Oct 2020 05:13 AM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला

सार

  • अभी तक एक भी सेट नहीं गंवाया है नडाल ने टूर्नामेंट में
  • 100वां मैच था यह राफेल का रोलां गैरां में जिसमें से उन्होंने 98 जीते हैं सिर्फ दो हारे हैं
  • 20वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी करने पर है नडाल की निगाह
विज्ञापन
राफेल नडाल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लाल बजरी के बादशाह राफेल नडाल ने सीधे सेटों में जीत दर्ज करके 13वीं बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना अर्जेंटीना के डिएगो  श्वार्ट्जमैन से होगा। रोलां गैरां पर 12 बार के चैंपियन नडाल को इटली के 19 वर्षीय जानिक सिनर से शुरू में चुनौती मिली लेकिन इसके बाद उन्हें 7-6, 6-4, 6-1 से जीत दर्ज करने में कोई परेशानी नहीं हुई। 

विज्ञापन


इससे पहले 12वें वरीय श्वार्ट्जमैन ने यूएस ओपन चैंपियन और पेरिस में दो बार के उपविजेता डोमिनिक थीम को पांच सेट तक चले कड़े मुकाबले में 7-6, 5-7, 6-7, 7-6, 6-2 से हराया। श्वार्ट्जमैन ने नडाल के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीता था। उन्होंने पिछले महीने रोम में क्लेकोर्ट टूर्नामेंट में इस दिग्गज खिलाड़ी को हराया था। फ्रेंच ओपन में इस बार देर रात तक भी मुकाबले हो रहे हैं क्योंकि पहली बार इस क्लेकोर्ट टूर्नामेंट में दूधिया रोशनी का उपयोग किया जा रहा है।

राफेल ने मैच के समय पर उठाए सवाल : 
नडाल ने मैच के बाद कहा, ‘निश्चित तौर पर तड़के एक बजकर 30 मिनट पर मैच का समापन आदर्श स्थिति नहीं है। यहां बहुत सर्दी है। ईमानदारी से कहूं तो टेनिस खेलने के लिए मौसम बहुत ठंडा है। इस तरह की परिस्थितियों में खेलना शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकता है।’ यह मैच स्थानीय समयानुसार रात दस बजकर 30 मिनट पर शुरू हुआ था।
विज्ञापन


क्वितोवा की टक्कर केनिन से
चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा ने आठ साल बाद रोलां गैरां के अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। अब उनका सामना अमेरिका की सोफिया केनिन से होगा। दो बार की विंबलडन चैंपियन क्वितोवा क्वार्टर फाइनल में लॉरा सिगमंड को आसानी से 6-3, 6-3 से मात देकर आठ साल बाद पेरिस में सेमीफाइनल में पहुंचीं। दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी ने अभी तक टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया है। क्वितोवा इससे पहले 2012 में यहां तक पहुंची थी पर आगे नहीं बढ़ पाई थी। ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन केनिन ने हमवतन डेनिएल रोस कोलिंस को 6-4, 4-6, 6-0 से हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई। इगा स्वितेक ने मार्टिना ट्रेविसन को आसानी से 6-3, 6-1 से मात दी। अब उनका सामना क्वालिफायर नादिया पोडोरोस्का से होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें