पूर्व वर्ल्ड नंबर एक और ब्रिटेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी ऐंडी मरे चोट के कारण अगले महीने होने वाले साल के पहले टेनिस ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन से हट गए हैं। 32 वर्षीय मरे को पिछले महीने ही डेविस कप में ब्रिटेन की ओर से खेलते हुए कूल्हे के पास चोट लग गई थी।
मरे ने शनिवार को कहा, ‘शीर्ष स्तर पर खेलने के लिए खुद को तैयार करने में मैंने काफी मेहनत की थी और जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन में नहीं खेल पाना बेहद निराशाजनक है।’ उन्होंने कहा, ‘इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद मुझे दोबारा खेलने का यकीन नहीं था। यही कारण है कि मैं दोबारा ऑस्ट्रेलिया आने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को लेकर रोमांचित था। इसी वजह से मैं और अधिक निराश हूं।’
इस साल जनवरी में आपरेशन के बाद मरे को उम्मीद थी कि वह अगले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के साथ वापसी करेंगे। पूर्व वर्ल्ड नंबर एक टेनिस खिलाड़ी मरे ने इसी साल तीन बार के ग्रैंडस्लैम विजेता स्टैन वावरिंका को हराकर यूरोपियन ओपन का खिताब अपने नाम किया था।