आठ बार डब्ल्यूटीए एकल खिताब जीतने वाली पूर्व विंबलडन चैंपियन मरियन बर्तोली ने एक बार फिर टेनिस में कदम रखी हैं। 4 साल पहले लिए गए अपने संन्यास के बाद उन्होंने टेनिस में वापसी की घोषणा की है और वह साल 2018 में फिर से डब्ल्यूटीए पेशेवर टेनिस में कदम रखेंगी।
गौरतलब है कि फ्रांस की इस टेनिस खिलाड़ी ने वर्ष 2013 में टेनिस से संन्यास की अचानक घोषणा करते हुए सभी को चौंका दिया था। उन्होंने विंबलडन खिताब जीतने के ठीक बाद यह फैसला लिया था और कहा था कि उनका शरीर अब खेल के लिहाज से मजबूत नहीं रह गया है।
पढ़ेंः- भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा नहीं खेल पाएंगी ऑस्ट्रेलियन ओपन 2018, ये है वजह
पिछले साल जुलाई में बार्तोली ने कहा था कि वह एक वायरस से ग्रसित हैं और उन्हें अपने जीवन को लेकर खतरा है। हालांकि 33 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी ने अब वापसी की घोषणा कर दी है और उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मैं आप लोगों को कुछ बताना चाहती हूं। मैं पेशेवर टेनिस में इस साल वापसी करने जा रही हूं। मेरे लिए यह बहुत बड़ी चुनौती होगी। मुझे अभी काफी अभ्यास करना होगा, लेकिन उम्मीद है कि मार्च तक मैं मियामी ओपन के लिए तैयार हो जाऊंगी। बार्तोली ने कहा कि मैं कोर्ट पर आप सभी लोगों के समर्थन के लिये फिर से उत्साहित हूं। मैं खासकर रोलां गैरों में पेरिस में आप लोगों के सामने उतरने को लेकर उत्साहित हूं जो मेरा घरेलू मैदान है। लेकिन साथ ही फेड कप और विंबलडन में भी खेलने का मैं इंतजार कर रही हूं।
बता दें कि पूर्व विंबलडन खिलाड़ी साल 2012 में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग पर पहुंची थीं। उन्होंने करियर में 8 डब्ल्यूटीए एकल खिताब जीते और विंबलडन में वर्ष 2007 में उपविजेता रहीं तथा 2011 में फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल में भी जगह बनाई।
देखें वीडियोः-
I am delighted to announce my comeback on the professional circuit of the @WTA next year
I am so looking forward to see you again during my matches and share some amazing emotions with you . @Eurosport_FR #marionisback pic.twitter.com/KVPUnwEqlp— Marion bartoli (@bartoli_marion) December 19, 2017