पूर्व ओलंपिक चैंपियन और ग्रैंड स्लैम विजेता एंडी मरे कूल्हे के आपरेशन के बाद एटीपी टूर पर पहली बार टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे। मरे ने चोट से वापसी के बाद बुधवार को लगातार दो एकल मैच में जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट के अगले दौर में प्रवेश करने में सफल रहे।
दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मरे ने ब्रिटेन के अपने साथी खिलाड़ी कैमरन नोरी को लगभग तीन घंटे चले कड़े मुकाबले में 7-6, 6-7, 6-1 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में अब मरे का सामना शीर्ष वरीय डोमीनिक थिएम और चीन के वाइल्ड कार्ड धारक झेंग झिझेन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। जनवरी में कूल्हे का आपरेशन कराने वाले 32 साल के मरे की विश्व रैंकिंग 503 तक गिर गई है और वह वापसी के लिए जूझ रहे हैं।