दुनिया के सभी शीर्ष 50 पुरुष और विक्टोरिया अजारेंका को छोड़कर शीर्ष 50 महिला खिलाड़ियों ने जनवरी में मेलबर्न पार्क में होने वाले सत्र के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलिया ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खेलने की पुष्टि की है। दो बार की चैंपियन अजारेंका अस्पष्ट कारणों से शनिवार को प्रविष्टियों की समय सीमा खत्म होने से पहले टूर्नामेंट से हट गईं।
दुनिया के नंबर एक पुरुष खिलाड़ी राफेल नडाल और नंबर एक महिला खिलाड़ी एशले बार्टी 20 जनवरी से सात फरवरी तक होने वाले टूर्नामेंट के 115वें सत्र में शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी होंगे। दुनिया के पूर्व नंबर तीन खिलाड़ी जुआन मार्टिन डेल पोत्रो इस टूर्नामेंट के साथ कोर्ट पर वापसी करेंगे। सात बार की विजेता सेरेना विलियम्स की नजरें 24वें ग्रैंडस्लैम खिताब पर टिकी हैं जिससे वह मारग्रेट कोर्ट के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी।