फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

French Open: फोंसेका ने किया बड़ा उलटफेर, जोकोविच फ्रेंच ओपन से बाहर; टूर्नामेंट को मिलेगा नया चैंपियन

Sat, 30 May 2026 09:27 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन 2026 के तीसरे दौर में ब्राजील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोंसेका से हारकर बाहर हो गए। दो सेट की बढ़त गंवाने वाले जोकोविच ने टूर्नामेंट में वापसी को लेकर भी अनिश्चितता जताई। उनकी हार के साथ ही पेरिस में पहली बार कोई नया पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन बनेगा।
विज्ञापन
जोकोविच और फोंसेका - फोटो : Rolland Garros Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फ्रेंच ओपन 2026 में शुक्रवार को ऐसा नतीजा देखने को मिला जिसने टेनिस जगत को चौंका दिया। 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच तीसरे दौर में ब्राजील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोंसेका से हारकर बाहर हो गए। रोलां गैरो के कोर्ट पर खेले गए इस मुकाबले में जोकोविच ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले दो सेट 6-4, 6-4 से अपने नाम किए थे। ऐसा लग रहा था कि अनुभवी खिलाड़ी आसानी से अगले दौर में पहुंच जाएंगे, लेकिन इसके बाद मैच पूरी तरह बदल गया। फोंसेका ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले तीन सेट 6-3, 7-5 और 7-5 से जीत लिए और पांच सेट तक चले इस मुकाबले में बड़ा उलटफेर कर दिया।
विज्ञापन

 

25वें ग्रैंड स्लैम का सपना टूटा
इस साल जोकोविच के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर था। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके थे, जबकि गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज चोट के कारण भाग नहीं ले सके। ऐसे में माना जा रहा था कि जोकोविच रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत सकते हैं। लेकिन फोंसेका के हाथों मिली हार के साथ उनकी यह उम्मीद भी खत्म हो गई। जोकोविच की विदाई के साथ ही यह भी तय हो गया कि पेरिस में इस बार पुरुष एकल वर्ग को एक नया ग्रैंड स्लैम चैंपियन मिलेगा। ओपन एरा में यह पहला मौका होगा जब फ्रेंच ओपन के अंतिम-16 दौर में कोई पूर्व पुरुष ग्रैंड स्लैम विजेता मौजूद नहीं होगा।

जोकोविच और ज्वेरेव - फोटो : Twitter
क्या फ्रेंच ओपन में आखिरी बार खेले जोकोविच?
हार के बाद सबसे बड़ा सवाल उनके भविष्य को लेकर उठा। 39 वर्षीय जोकोविच से पूछा गया कि क्या यह फ्रेंच ओपन में उनका आखिरी मैच था और क्या वे अगले साल वापसी करेंगे? इस पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। जोकोविच ने कहा, 'मुझे नहीं पता।' जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या वह फ्रेंच ओपन में अपने करियर का अंत करने के लिए तैयार हैं, तब भी उनका जवाब वही रहा। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता।' इसके बाद उन्होंने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, 'अभी इस बारे में सोचना काफी मुश्किल है, आप लोग मेरी स्थिति समझ सकते हैं।'
 

दर्शकों का समर्थन बताया 'जादुई'
मैच के बाद जोकोविच ने रोलां गैरो के दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वीकार किया कि मुकाबले के अंतिम चरण में शारीरिक रूप से उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। जोकोविच ने कहा, 'मैच के आखिर में कई बार मुझे लगा कि मैं मुश्किल से अपने पैरों पर खड़ा हूं। लेकिन जब मैंने दर्शकों की तरफ देखा और उनका समर्थन महसूस किया तो वह अनुभव सचमुच जादुई था।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर मैं हार की निराशा और नकारात्मक विचारों को अलग रख दूं तो मुझे अपने सफर और यहां मिले अनुभवों पर गर्व है। मैं इस तरह के अनुभव के लिए बहुत आभारी हूं।'

फिटनेस बन रही सबसे बड़ी चुनौती
जोकोविच पहले संकेत दे चुके हैं कि वह 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक तक खेलना चाहते हैं। हालांकि बढ़ती उम्र के साथ फिटनेस अब उनके लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने आखिरी बार 2023 यूएस ओपन में ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसके बाद वह कई बड़े टूर्नामेंटों में सेमीफाइनल और फाइनल तक पहुंचे, लेकिन पांच सेट के लंबे मुकाबलों में पहले जैसी निरंतरता नहीं दिखा पाए हैं। फोंसेका के खिलाफ मैच में भी दो सेट की बढ़त के बावजूद शारीरिक थकान और लय में गिरावट साफ दिखाई दी।
 
विज्ञापन

जोकोविच - फोटो : Twitter
नए युग की ओर बढ़ रहा टेनिस
जोकोविच की हार को कई विशेषज्ञ पुरुष टेनिस में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत मान रहे हैं। फोंसेका जैसे युवा खिलाड़ी अब बड़े मंच पर दिग्गजों को चुनौती ही नहीं दे रहे, बल्कि उन्हें हराकर आगे भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ यह नहीं है कि जोकोविच अगला ग्रैंड स्लैम जीत पाएंगे या नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या टेनिस जगत रोलां गैरो में उनके आखिरी अध्याय का गवाह बन चुका है। फिलहाल इसका जवाब खुद जोकोविच के पास भी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें