आंद्रे रूबलेव ने डेविस कप फाइनल में क्रोएशिया के खिलाफ 1-0 से बढ़त दिला दी है। उन्होंने मैड्रिड अरेना में रविवार को खेले गए फाइनल के पहले मैच में बोर्ना गोजो को 6-4, 7-6(5) से हरा दिया। इस जीत के साथ रूस टेनिस संघ ने क्रोएशिया पर 1-0 मजबूत पकड़ बना ली है। अगर रूस जीता तो यह उनका तीसरा डेविस कप खिताब होगा।
तीसरा खिताब जीतने उतरीं दोनों टीमें
दोनों ही टीमें अपने तीसरे खिताब के लिए कोर्ट में उतरी हैं। जो देश जितेगा वह चेक रिपब्लिक और जर्मनी के सात डेविस कप खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगा और संयुक्त रूप से इन दो देशों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच जाएगा।
रूस बनाना चाहेगा यह रिकॉर्ड
अगर रूस जीतता है तो वह डेविस कप और बिली जीन किंग कप जीतने वाली चौथी टीम बन जाएगी। रूस की महिला टेनिस टीम ने पिछले महीने ही प्राग में खेले गए बिली जीन किंग कप टूर्नामेंट के फाइनल में स्विट्जरलैंड को 2-0 से हराया था।
रूबलेव और मेदवेदेव ने फाइनल में पहुंचाया
इससे पहले रूबलेव और दानिल मेदवेदेव की एकल मैचों में जीत से रूस ने जर्मनी को 2-1 से हराकर डेविस कप टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाई थी। रूबलेव ने पहले एकल मैच में डोमिनिक कोफर को 6-4, 6-0 से हराया था, जिसके बाद मेदवेदेव ने जान लेनार्ड स्ट्रफ को 6-4, 6-4 से हराकर रूस की जीत सुनिश्चित की।
रूस-क्रोएशिया के बीच है फाइनल मुकाबला
जर्मनी के केविन क्राविट्ज और टिम पुएट्ज ने असलान करात्सेव और कारेन खाचनोव को युगल मुकाबले में 4-6, 6-3, 6-4 से हराया, लेकिन इससे वह हार का अंतर ही कम कर पाए। रूस फाइनल में क्रोएशिया का सामना कर रहा है, जिसने नोवाक जोकोविच की अगुवाई वाले सर्बिया को हराया।