19 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता स्विट्जरलैंड के रॉजर फेडरर शनिवार को एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में उलटफेर का शिकार हो गए। बेल्जियम के डेविड गोफिन ने फेडरर को सातवां एटीपी खिताब जीतने से रोक दिया। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में गोफिन ने फेडरर को 2-6, 6-3, 6-4 से हराया।
अब गोफिन का फाइनल में मुकाबला ग्रिगोर दिमित्रोव से होगा। फेडरर पर जीत दर्ज करने के बाद गोफिन ने कहा, 'यह मेरे करियर की सर्वश्रेष्ठ जीत है। पहले सेट के अंत में मेरे रैकेट पर गेंद अच्छे से आने लगी, इसलिए मैंने अधिक आक्रामक होने का मन बनाया। यह काम आया। मैंने अच्छी सर्व की और मेरा फॉरहैंड भी बहुत अच्छा जा रहा था।'
बता दें कि फेडरर और गोफिन के बीच इससे पहले 6 मुकाबले हुए और सभी में स्विस स्टार की जीत हुई थी। फेडरर इस सीजन के 11वें फाइनल में पहुंचने के करीब थे, लेकिन गोफिन ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।