19 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता स्विट्जरलैंड के रॉजर फेडरर शनिवार को एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में उलटफेर का शिकार हो गए। बेल्जियम के डेविड गोफिन ने फेडरर को सातवां एटीपी खिताब जीतने से रोक दिया। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में गोफिन ने फेडरर को 2-6, 6-3, 6-4 से हराया।
अब गोफिन का फाइनल में मुकाबला ग्रिगोर दिमित्रोव से होगा। फेडरर पर जीत दर्ज करने के बाद गोफिन ने कहा, 'यह मेरे करियर की सर्वश्रेष्ठ जीत है। पहले सेट के अंत में मेरे रैकेट पर गेंद अच्छे से आने लगी, इसलिए मैंने अधिक आक्रामक होने का मन बनाया। यह काम आया। मैंने अच्छी सर्व की और मेरा फॉरहैंड भी बहुत अच्छा जा रहा था।'
बता दें कि फेडरर और गोफिन के बीच इससे पहले 6 मुकाबले हुए और सभी में स्विस स्टार की जीत हुई थी। फेडरर इस सीजन के 11वें फाइनल में पहुंचने के करीब थे, लेकिन गोफिन ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।
हार के भावुक फेडरर ने कही बड़ी बात
रॉजर फेडरर और डेविड गोफिन
- फोटो : twitter
मैच हारने के बाद फेडरर ने कहा, 'मेरे ख्याल से गोफिन ने अपने खेल का स्तर अच्छे से बढ़ाया। मैं उन्हें फॉलो नहीं कर पा रहा था, शायद इसलिए क्योंकि वो मुझसे बेहतर खेल रहे थे।'
गोफिन ने वर्ल्ड नंबर-1 राफेल नडाल को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में शिकस्त दी थी। इसके बाद दिमित्रोव ने उन्हें 74 मिनट में मात दी थी। फिर गोफिन ने डोमिनिक थिएम को मात देकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
गोफिन ने कहा, 'दोनों (नडाल-फेडरर के खिलाफ) ही जीत विशेष है। मैंने पहली बार राफा के खिलाफ मुकाबला खेला और उन्हें मात दी। फिर सेमीफाइनल में पहली बार फेडरर के सामने था और उन्हें बड़े टूर्नामेंट में मात दी।' बता दें कि गोफिन विश्व के छठे टेनिस खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक ही टूर्नामेंट में राफेल नडाल और रॉजर फेडरर को मात दी।