दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया ने उनकी वीजा रद्द कर दिया है। इस वजह से वो ऑस्ट्रेलियन ओपेन में भाग नहीं ले पाएंगे और अब उन्होंने वीजा रद्द करने के फैसले को कानूनी चुनौती देने का मन बनाया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार जोकोविच ने मेलबर्न एयरपोर्ट में आठ घंटे बिताए हैं। इस दौरान उन्हें कहीं आने-जाने की अनुमति नहीं थी। उन्होंने बॉर्डर के अधिकारियों से इस मामले में काफी बातचीत की, लेकिन बात नहीं बनी और अब उनका वीजा भी रद्द हो चुका है।
गुरुवार की शाम तक उन्हें मेलबर्न एयरपोर्ट से जाने के लिए कहा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया के बॉर्डर आधिकारियों के अनुसार वैक्सीन न लगवाने वाले लोगों को उचित कागज दिखाने के बाद ही ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश मिलता है और जोकोविच पर्याप्त कागज नहीं दिखा पाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्वास्थ्य मंत्री ग्रेग हंट ने भी यह पुष्टि की कि नोवाक जोकोविच का वीजा रद्द कर दिया गया है।
इससे पहले नोवाक जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियन ओपेन में खेलने के लिए चिकित्सा छूट का हवाला दिया था। उन्होंने वैक्सीन न लगवाने के पीछे जो वजह बताई थी, उस पर काफी विवाद हुआ था। ऑस्ट्रेलिया के लोगों ने भी इस पर अपनी आपत्ति जताई थी।
क्या है मामला ?
ऑस्ट्रेलिया में किसी भी ऐसे विदेशी को देश के अंदर जाने की अनुमति नहीं है, जिसने वैक्सीन न लगवाई हो। जोकोविच इनमें से एक हैं, उन्होंने अब तक यह खुलासा नहीं किया है कि उन्हें वैक्सीन कब लगी थी या नहीं लगी है। इसके बावजूद जोकोविच को चिकित्सा छूट दी गई थी और वो ऑस्ट्रेलियन ओपेन में भाग लेने के लिए तैयार थे। इसके बाद वो मेलबर्न एयरपोर्ट पहुंचे तो पता चला कि उनका वीजा गलत है। उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया। इसी मामले पर अब पूरी राजनीति हो रही है।
क्या बोले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा है कि जोकोविच का मामला अलग नहीं है। सभी के लिए नियम एक समान हैं। उन्होंने कहा "जोकोविच का वीजा रद्द कर दिया गया है। नियम सभी के लिए एक समान हैं, खासकर जब बॉर्डर की बात हो। कोई भी नियमों से ऊपर नहीं है। हमारे बार्डर से जुड़े सख्त नियमों के चलते कोरोना समय में ऑस्ट्रेलिया में मौतों का आंकड़ा काफी कम रहा है। हम सतर्कता बनाए रखेंगे।"
सर्बिया के राष्ट्रपति का बयान
इस मामले पर सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने जोकोविच का समर्थन करते हुए कहा "हमनें अपने नोवाक को बताया है कि पूरा सर्बिया उनके साथ है और हमारी संस्थाएं पूरी कोशिश कर रही हैं कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टेनिस खिलाड़ी के साथ हो रहा भेदभाद जल्द से जल्द खत्म किया जा सके।"
नौ बार ऑस्ट्रेलियन ओपेने अपने नाम करने वाले जोकोविच इस टूर्नामेंट के सबसे सफल खिलाड़ी हैं। उन्होंने रोजर फेडरर और राफेल नडाल के बराबर 20 करियर ग्रैंड स्लैम जीते हैं। इस सीजन का पहला ग्रैंड स्लैम 17 जनवरी से शुरू होगा।