रियो ओलंपिक के आठवें दिन भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित करने के इरादे से सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना कोर्ट में वीनस विलियम्स और राजीव राम की अमेरिका की जोड़ी के सामने उतरे, लेकिन उन्हें हार मिली। हार के बाद भी उनके पास अब कांस्य पदक जीतने की आस है। कांस्य का मुकाबला रविवार को होगा।
सेमीफाइलन में बेहतरीन शुरुआत करते हुए भारतीय जोड़ी ने पहला सेट 6-2 से जीत लिया। सानिया-बोपन्ना ने अमेरिका की सर्विस दूसरी गेम में ब्रेक कर बढ़त बना ली। इसके बाद उन्हें उबरने का मौका नहीं दिया।
लेकिन दूसरे सेट में अमेरिकी बेहतरीन वापसी की। इस जोड़ी ने सेट की शुरुआत जीत से की। अमेरिकी जोड़ी ने चौथे गेम में भारत की सर्विस ब्रेक की। भारतीय जोड़ी के बीच तालमेल की कमी दिखाई दी। अमेरिकी जोड़ी ने दो बार सानिया की सर्विस तोड़ी। भारतीय जोड़ी लगातार गलती करती रही। अंततः अमेरिकी जोड़ी ने 2-6 के अंतर से दूसरा सेट अपने नाम कर लिया।
इसके बाद तीसरे सेट में मुकाबला सुपर टाई ब्रेकर में पहुंच गया। इसमें जो टीम 10 अंक पहले हासिल करती है वह टीम मैच जीतती है। मुकाबला शुरुआत में 3-3 की बराबरी पर था लेकिन बोपन्अंना और सानिया ने लगातार गल्तियां कीं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा और भारतीय टीम मैच 6-2, 2-6, 3-10 के अंतर से हार गई।
भारतीय जोड़ी अभी भी कांस्य पदक की दौड़ में है दूसरे सेमीफाइनल की पराजित टीम से उनका मुकाबला होगा, इसमें जो जीत हासिल करेगा उसे कांस्य पदक मिलेगा।