भारत के रोहन बोपन्ना ने 2013 के नए सत्र के लिए हमवतन महेश भूपति का साथ छोड़ अमेरिका के राजीव राम के साथ जोड़ी बनाने का फैसला किया है। भूपति के साथ लंदन में सोमवार को एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में मिली खिताब हार के बाद बोपन्ना ने राजीव के साथ नए सत्र में जोड़ी बनाने का ऐलान किया। बोपन्ना और राजीव नए सत्र में चेन्नई ओपन से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
बोपन्ना ने भूपति के साथ 2012 सफल सत्र रहा था, जिसमें उन्होंने दुबई और पेरिस में खिताब जीते थे जबकि लंदन में वह उपविजेता रहे। बकौल बोपन्ना,‘मैंने 2012 में लंदन ओलंपिक के मद्देनजर भूपति के साथ जोड़ी बनाई थी लेकिन वह उद्देश्य अब पूरा हो चुका है। अब मेरा ध्यान एटीपी सर्किट में एक मजबूत और टिकाऊ जोड़ी बनाने पर है।’