भारत के महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की जोड़ी ने साल के आखिरी टेनिस टूर्नामेंट एटीपी टूर फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। पांचवीं सीड भारतीय जोड़ी ने ग्रुप ‘बी’ के कड़े मुकाबले में मौजूदा चैंपियन बेलारूस के मैक्स मिर्नई और कनाडा के डेनियल नेस्टर की जोड़ी को 7-6, 6-7, 10-5 से हराया।
भूपति-बोपन्ना ने पहले सेट में पांच ब्रेक प्वाइंट बचाया और सेट को टाईब्रेकर में खींचने में सफल रहे। इसके विपरीत दूसरे सेट में मिर्नई और नेस्टर ने पलटवार करते हुए टाईब्रेकर में जीत हासिल कर मैच को सुपर टाईब्रेकर में पहुचा दिया। हालांकि यहां भारतीय जोड़ी ने लगभग एकतरफा अंदाज में सेट जीतने के साथ ही मैच भी अपने नाम कर लिया।
इससे पहले ग्रुप ‘ए’ से भारत के लिएंडर पेस भी चेक गणराज्य के अपने जोड़ीदार रादेक स्टेपानेक के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।