भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी प्रजनेश गुन्नेश्वरन के भाग्य ने इस बार उनका साथ नहीं दिया और वे ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में ही हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। मंगलवार को पहले दौर के मुकाबले में उन्हें जापान के ततसुमा इटो से 4-6, 2-6, 5-7 से हार का सामना करना पड़ा।
122वें रैंक के बाएं हाथ के भारतीय खिलाड़ी प्रजनेश पूरे मैच के दौरान अपने लय में नजर नहीं आए और 145वीं रैंकिंग वाले इटो को कड़ी टक्कर नहीं दे पाए सीधे सेटों में हार गए। अब वाइल्ड कार्ड एंट्री से जगह बनाने वाले ततसुमा इटो का मुकाबला दूसरे दौर में दिग्गज नोवाक जोकोविच से होगा।
इससे पहले प्रजनेश ने लकी लूजर के तौर पर ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रा में क्वालीफाई किया था और यह पांचवीं बार था जब उन्होंने किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रा के लिए जगह बनाई थी। प्रजनेश के बाहर होने के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई है।