दुनिया के पूर्व नंबर-1 खिलाड़ी रूस के दानिल मेदवेदेव ऑस्ट्रेलियन ओपन से बाहर हो गए। उन्हें शुक्रवार (20 जनवरी) को तीसरे राउंड में हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में सातवीं वरीयता प्राप्त मेदवेदेव को 29वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के सेबेस्टियन कोर्डा ने हरा दिया। कोर्डा ने इस मैच को 7-6 (9/7), 6-3, 7-6 (7/4) से अपने नाम किया। कोर्डा 1998 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाले पीटर कोर्डा के बेटे हैं। चौथे दौर में उनका मुकाबला पोलैंड के ह्यूबर्ट हरकच से होगा।
महिलाओं में खिताब की दावेदार अमेरिका की जेसिका पेगुला ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चौथे दौर में जगह बनाई। तीसरी वरीय अमेरिकी खिलाड़ी पेगुला लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के चौथे दौर में पहुंची हैं। वह दमदार फॉर्म में चल रही हैं। उन्होंने यहां तीन मैच खेलते हुए छह सेटों में केवल 11 गेम गंवाए हैं। पेगुला ने महिला एकल में सिर्फ 65 मिनट में मार्टा कोस्तयुक को सीधे सेट में 6-0, 6-2 से हराया।
कोको गॉफ भी आगे बढ़ीं
अन्य अमेरिकी खिलाड़ी कोको गॉफ ने भी आसानी अगले दौर में प्रवेश किया। सातवीं वरीय गॉफ ने बर्नार्डा पेरा को 6-3, 6-2 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। अन्य मैचों में बारबरा क्रेसिकोवा महिला एकल में एनहेलिना कलिनिना को हराकर इस साल चौथे दौर में जगह बनाने वाली पहली खिलाड़ी बनीं। चेक गणराज्य की 20वीं वरीय खिलाड़ी क्रेसिकोवा ने यूक्रेन की खिलाड़ी के खिलाफ शुरुआती पांच गेम जीतकर दबदबा बनाया और फिर मुकाबला 6-2 6-3 से अपने नाम किया। क्रेसिकोवा ने अब तक तीन दौर में एक भी सेट नहीं गंवाया है।
55 मिनट में जीतीं स्विटेक
शीर्ष वरीय इगा स्विटेक ने स्पेन की क्रिस्टीना बुक्सा को सिर्फ 55 मिनट में 6-0, 6-1 से हराकर बाहर कर दिया। स्विटेक ने सीधे सेटों में यह मैच जीता। वहीं, विंबलडन चैंपियन एलेना रिबाकिना ने पिछले साल फाइनल में जगह बनाने वाली अमेरिका की डेनियली कोलिंस को 6-2, 5-7, 6-2 से शिकस्त देकर उनका सफर समाप्त किया।
चौथे दौर में भिड़ेंगे सितसिपास और सिनर
स्टेफानोस सितसिपास और यानिक सिनर ने पुरुष एकल के चौथे दौर में जगह बनाई जहां वे आमने-सामने होंगे। सितसिपास और सिनर ने पांच बार एक-दूसरे का आमना-सामना किया है। इसमें सितसिपास ने चार बार जीत दर्ज की जबकि एक बार उन्हें हार मिली। तीसरे वरीय सितसिपास ने दूसरे सेट में सेट प्वाइंट बचाते हुए टेलोन ग्रीक्सपूअर को सीधे सेटों में 6-2, 7-6, 6-3 से हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन में चार साल में तीसरी बार प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं, सिनर ने अपने करियर में पहली बार शुरुआती दो सेट गंवाने के बावजूद जीत दर्ज की। उन्होंने मार्टन फुकसोविक्स को पांच सेट चले कड़े मैच में तीन घंटे और 33 मिनट में 4-6, 4-6, 6-1, 6-2, 6-0 से शिकस्त दी। इटली के सिनर चौथे सेट में भी 0-2 से पीछे थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार 12 गेम जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।