तीसरे खिताब के लिए कुछ भी छोड़ने को तैयार
सबालेंका ने मैच की शुरुआत धीमी की। वह शुरुआत में ही 0-2 से पिछड़ गईं, लेकिन उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए बदोसा को फिर कोई मौका नहीं दिया। सबालेंका ने कहा, वह लगातार तीसरा ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीतने के लिए कुछ भी छोड़ने को तैयार हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने यह सपना भी नहीं देखा था। मैंने कम से कम एक ग्रैंडस्लैम जीतने का सपना देखा था, लेकिन मेरे सामने अब लगातार तीन ग्रैंडस्लैम जीतने का मौका है। यह अविश्वसनीय है। मैं इसके लिए कुछ भी छोड़ने को तैयार हूं।
...तो दिग्गजों की श्रेणी में हो जाएंगी शामिल
26 वर्षीय सबालेंका अगर फाइनल जीतने में सफल हो जाती हैं तो वह लगातार तीन बार यह खिताब जीतने वाले मार्गरेट कोर्ट स्मिथ (1969-71), इवाना गुलागोंग (1974-1976), स्टेफी ग्राफ (1988-1990), मोनिका सेलेस (1991-1993) जैसे दिग्गजों की श्रेणी में शामिल हो जाएंगी। सबालेंका और बदोसा अच्छी दोस्त हैं। सबालेंका ने कहा, वह एक या दो दिन मुझसे गुस्से में रहेगी, लेकिन उसके बाद हम फिर दोस्त हो जाएंगे और साथ में खरीदारी करने जाएंगे। मैं वायदा करती हूं कि वह कुछ भी मांगेगी, मैं उसका भुगतान करूंगी। बदोसा ने कहा, सबालेंका आज ऐसा खेली कि कुछ भी छूती वह चीज सोने की हो जाती। सबालेंका ने पूरे मैच मे 32 विनर्स लगाए।
मैच प्वाइंट बचाकर जीतीं कीज
मेडिसन कीज की जीत हैरान करने वाली रही। तीसरे सेट में इगा मैच प्वाइंट पर सर्विस कर रही थीं, लेकिन कीज ने जबरदस्त संघर्ष क्षमता का परिचय देते हुए स्वियातेक की सर्विस तोड़ते हुए मुकाबले को 6-6 की बराबरी पर ला दिया। सुपरटाईब्रेक में भी कीज लगाता पिछड़ी हुई थीं, लेकिन उन्होंने अंत में 8-8 की बराबरी की और अंत में 10-8 से टाईब्रेकर जीतकर फाइनल में जगह बना ली। जीत के बाद कीज की आंखों में खुशी के आंसू थी। वह तौलिया को मुंह से ढक कर फूट-फूट कर रो रही थीं। वह आठ साल बाद किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची हैं, लेकिन उन्होंने अब तक एक भी ग्रैंडस्लैम नहीं जीता है। 2017 के यूएस ओपन के फाइनल में उन्हें स्लोएन स्टीफंस से हार मिली थी।
बड़े खिलाडि़यों को टूर्नामेंट में हराया
कीज का इस टूर्नामेंट में सफर शानदार रहा है। उन्होंने पूर्व विंबलडन विजेता एलिना रिबाकीना, एलिना स्वितोलिना जैसी खिलाडि़यों को फाइनल तक के सफर में हराया। इगा के खिलाफ पहला सेट हारने के बाद उन्होंने जबरदस्त पलटवार करते हुए दूसरा सेट 6-1 से जीता। हालांकि पांच बार की ग्रैंडस्लैम विजेता इगा ने तीसरे सेट में वापसी की कोशिश की, लेकिन कीज शक्तिशाली स्ट्रोक्स ने ऐसा नहीं होने दिया। कीज ने जीत के बाद कहा, उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि वह फाइनल में पहुंच गई हैं।