फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज से शुरू होगा ऑस्ट्रेलिया ओपन का रोमांच, फेडरर और जोकोविच की निगाहें सातवें खिताब पर

Sun, 13 Jan 2019 10:25 PM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

स्विस स्टार रोजर फेडरर और सर्बियाई नोवाक जोकोविच दोनों सोमवार से ऑस्ट्रेलिया ओपन में रिकॉर्ड सातवां खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे। दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी राफेल नडाल की फिटनेस पर भी सवालिया निशान लगा हुआ है जिसके कारण वह ब्रिसबेन टूर्नामेंट से हट गए थे लेकिन उन्होंने अब दावा किया है कि वह पूरी तरह फिट हैं और नई तरह की सर्विस के साथ टूर्नामेंट में उतरेंगे। इसका मतलब है कि ‘बिग फोर’ (फेडरर, नडाल, जोकोविच और मरे) का युग खत्म होने की दहलीज पर पहुंच गया है।

विज्ञापन


दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच और तीसरे वरीय फेडरर को चौथे वरीय एलेक्जेंडर ज्वेरेव जैसे युवा खिलाड़ी से कड़ी चुनौती मिलेगी। ज्वेरेव पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। फेडरर अपने अभियान की शुरुआत सोमवार को रोड लेवर एरेना में डेनिस इस्तोमिन केखिलाफ करेंगे। इसी कोर्ट पर फेडरर ने पिछले साल अपना 20वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था। इसके साथ ही उन्होंने छह बार के चैंपियन जोकोविच और राय एमर्सन की बराबरी की थी।

एमर्सन ने हालांकि सभी जीत ओपन युग से पहले दर्ज की। जोकोविच 2018 में टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गए और फिर उन्हें कोहनी की सर्जरी भी करानी पड़ी। इसके बाद वह खराब प्रदर्शन के कारण शीर्ष 20 से बाहर हो गए। जोकोविच जुलाई में विंबलडन खिताब के साथ वापसी करने में सफल रहे और इसके बाद पूरे साल उन्होंने सिर्फ तीन मैच गंवाकर एक बार फिर शीर्ष रैंकिंग हासिल की। वह एटीपी फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में ज्वेरेव के खिलाफ हार गए।
विज्ञापन


दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया ओपन के पहले दौर में मंगलवार को अमेरिका के मिशेल से भिड़ना है। दुनिया के दूसरे नंबर केखिलाड़ी नदाल सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के वाइल्ड कार्ड धारक जेम्स डकवर्थ के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। जोकोविच का मानना है कि शीर्ष तीन खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा खतरा जर्मनी के ज्वेरेव, क्रोएशिया के बोर्ना कोरिच, रूस के कारेन खचानोव और यूनान के स्टेफानो सितसिपास हैं। इक्कीस साल के ज्वेरेव मेलबर्न में अपने रिकॉर्ड में सुधार के इरादे से उतरेंगे जहां वह कभी तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। उन्हें पहले दौर में स्लोवेनिया के एल्जाज बेदेने का सामना करना है।

घरेलू प्रशंसकों की नजरें सिडनी ओपन के नए चैंपियन और 27वें वरीय एलेक्स डि मिनार और निक किर्गियोस पर टिकी होंगी। एलेक्स सोमवार को पहले दौर में पुर्तगाल के पेड्रो सोसा से भिड़ेंगे जबकि किर्गियोस को दुनिया के पूर्व तीसरे नंबर के खिलाड़ी मिलोस राओनिक के खिलाफ खेलना है। किर्गियोस अगर जीत दर्ज करते हैं तो उन्हें अगले दौर में ऑस्ट्रेलिया ओपन के पूर्व चैंपियन स्टेन वावरिंका का सामना करना पड़ सकता है।

20: ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके 37 साल के फेडरर के पास लगातार तीसरा खिताब जीतने का मौका 
03 : मैच हारे पिछले साल जोकोविच ने और फिर से शीर्ष रैंकिंग हासिल की 

‘मैं अच्छा टेनिस खेल रहा हूं। मुझे भरोसा है कि मुझे हराने के लिए मेरे प्रतिद्वंद्वी को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।  ब्रेक मेरे लिए काफी अच्छा रहा। मैं पहले ही होपमैन कप में दिखा चुका हूं। देखते हैं मेलबर्न में कैसा प्रदर्शन रहता है।’-रोजर फेडरर 

अंतिम बार ऑस्ट्रेलिया ओपन खेलने उतरेंगे मरे 

ब्रिटेन केएंडी मरे मेलबर्न पार्क में अंतिम बार चुनौती पेश करते नजर आएंगे। मरे ने ऑस्ट्रेलिया ओपन से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस करके खुलासा किया कि कूल्हे की चोट की सर्जरी के बावजूद पूरी तरह से ठीक नहीं होने के कारण वह इस साल संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि वह विंबलडन के साथ अपने कॅरिअर का अंत करना चाहते थे लेकिन शायद ऑस्ट्रेलिया ओपन ही उनका अंतिम टूर्नामेंट हो। मरे के बारे में दिग्गज फेडरर का कहना है कि वह इस बात से स्तब्ध थे कि इस साल मरे टेनिस को बाय-बाय कह देंगे लेकिन उन्हें अपनी उपलब्धियों पर गर्व होना चाहिए। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें