दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एशले बार्टी ने पहली बार मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बार्टी ने सेमीफाइनल में स्पेन की पौला बडोसा को आसानी से 6-4, 6-3 से पराजित किया।
यह बार्टी की क्ले कोर्ट पर लगातार 16वीं और इस सत्र की 28 मैचों में 25वीं जीत है। इस जीत के साथ बार्टी ने अप्रैल में पौला के हाथों मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। अब दोनों का रिकॉर्ड एक-एक हो गया है।बार्टी अब अपने सत्र के चौथे खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। फाइनल में बार्टी का सामना अर्याना सबालेंका या अनास्तासिजा से होगा।
थिएम क्वार्टर फाइनल में
पुरुष वर्ग में ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम और चिल्ली के क्रिस्टियन गारिन क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। थिएम ने ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डि मिन्नौर को 7-6, 6-4 पराजित किया।
चौबीस वर्षीय गारिन ने रूस के दानिल मेदवेदेव को तीन सेट के मुकाबले में 6-4, 6-7, 6-1 से उलटफेर का शिकार बनाया। कजाखस्तान के अलेक्सजेंडर बुबलिक ने रूस के असलान करात्सेव को 6-4, 6-3 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।