ब्रिटेन के दिग्गज एंडी मरे और उनके भाई जैमी शनिवार को वॉशिंगटन ओपन के पुरुष युगल के क्वॉर्टर फाइनल में हारकर इस टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। मरे बंधुओं को दक्षिण अफ्रीका के रावेन क्लासेन और न्यू जीलैंड के माइकल वीनस की जोड़ी ने 6-7 (3-7), 7-6 (8-6), 10-7 से मात दी।
एकल वर्ग के दिग्गज खिलाड़ी एंडी को चोट के कारण टेनिस से दूर रहना पड़ा था। उन्होंने जनवरी में युगल वर्ग से टेनिस में वापसी की थी और क्वींस कप का खिताब अपने नाम किया था। जनवरी से यह उनका चौथा टूर्नमेंट है।
तीन बार के ग्रैंड स्लैम विजेता ने कहा कि इसी महीने के अंत में होने वाले सिनसिनाटी ओपन से वह एकल वर्ग में वापसी कर सकते हैं। एंडी ने कहा, ‘मैं अब ठीक हूं, लेकिन इस हार से थोड़ा निराश भी हूं। मेरा अभ्यास अच्छा चल रहा है। मैं अगले 10 दिनों तक लगातार अभ्यास करना चाहता हूं। अगर मैं तैयार रहा तो मैं एकल वर्ग में सिनसिनाटी ओपन में उतरूंगा। अगर ठीक नहीं रहा तो इंतजार करूंगा।’ मरे बंधु 2016 के बाद से पहली बार युगल मुकाबलों में एक साथ उतरे हैं।