यूएस ओपन जीतने के बाद बियांका ने अमेरिकी फैंस से माफी मांगी। बियांका ने कहा, ‘मैं जानती हूं कि आप लोग सेरेना को उनका सातवां अमेरिकी ओपन खिताब जीतते हुए देखने आए थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसलिए मैं आपसे माफी मांगती हूं। मैंने सेरेना जैसी दिग्गज को रोकने की भरपूर कोशिश की और इसमें सफल रही। मैं इतिहास बनाना चाहती थी।’
बियांका के माफी मांगने के बाद वहां खड़ी सेरेना मुस्कुरा उठीं। बियांका ने कहा, ‘मेरा सेरेना को इतिहास बनाने से रोकने का कोई इरादा नहीं था। मैं अपने सपने को जीना चाहती थी, क्योंकि मैने हमेशा सेरेना के खिलाफ फाइनल खेलने का सपना देखा था। मैं हर दिन इस सपने को जीती थी। मेरा मानना है कि लगातार अपने सपने को पीछे भागने के कारण ही मैं इसे सच कर सकी।’
टूर्नामेंट में यह मेरे लिए सबसे घटिया मैच रहा: सेरेना
37 साल की सेरेना लगातार दूसरे साल फाइनल में हार गईं। पिछली बार उन्हें जापान की नाओमी ओसाका ने हराया था। सेरेना ने 23 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। मैच के बाद सेरेना ने कहा, "मुझे बियांका से प्यार है। वे अच्छी हैं, लेकिन यह मेरे लिए सबसे घटिया मैच रहा। मैंने बहुत खराब खेल दिखाया। पूरे टूनार्मेंट में अच्छा खेलने के बाद फाइनल में इस तरह के खेल की मुझे खुद से कभी उम्मीद नहीं थी। मैं इससे बेहतर खेल सकती थी। मुझे और प्रयास करना चाहिए था।’
सेरेना ने जब अपना पहला यूएस ओपन खिताब जीता था तब कनाडा की पहली महिला खिलाड़ी और अब चैंपियन बन चुकीं बियांका का जन्म हुआ था। बियांका से 18 साल बड़ी सेरेना ने 1999 में अपना पहला यूएस ओपन खिताब जीता था। 23 ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना मां बनने के बाद एक बार फिर से चैंपियन बनने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन 19 साल की बियांका के धारदार खेल से ऐसा नहीं हो पाया।
बियांका बनीं यूएस ओपन खिताब जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी
यूएस ओपन में सेरेना को मात देकर बियांका ने रिकार्ड कायम किया है। मारिया शारापोवा के बाद यूएस ओपन का खिताब हासिल करने वाली बियांका सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं हैं। शारापोवा ने 2006 में अमेरिकी ओपन जीता था।
इससे पहले बियांका और सेरेना के बीच मुकाबला रोजर्स कप में हुआ था। जहां दोनों का खिताबी जंग में आमना-सामना हुआ था, यहां भी सेरेना विलियम्स को खिताबी मुकाबले में निराशा हाथ लगी थी। इस मुकाबले को जीतकर बियांका 50 साल बाद रोजर्स कप जीतने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी बनी थीं।
सेरेना को रोजर्स कप के फाइनल में बियांका के खिलाफ पहले सेट के दौरान ही रिटायर होना पड़ा था। उन्हें पीठ में दर्द की समस्या के चलते बीच मैच से हटने को मजबूर होना पड़ा था। जिस समय सेरेना मुकाबले से बाहर गई थीं उस समय बियांका 3-1 से आगे थीं।
हार के बाद अब सेरेना पर संन्यास का दबाव
सेरेना मां बनने के बाद अभी तक एक भी खिताब नहीं जीत पाई हैं, जिसकी वजह से उन पर संन्यास लेने का भी दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस हार के बाद यह दबाव और बढ़ सकता है।