तेलंगाना, दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव ने रविवार को यहां 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपनी पहली जीत दर्ज की। तेलंगाना ने दिन के पहले मुकाबले में उत्तराखंड पर 4-0 से जीत दर्ज की। अन्य मैच में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव ने असम को 2-1 से पराजित किया। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा पुरुष टूर्नामेंट तीन डिवीजन के नए प्रारूप में खेला जा रहा है। सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप मार्च में इसी तरह के नए प्रारूप में खेली गई थी। इस घरेलू प्रतियोगिता में पहली बार प्रमोशन (शीर्ष डिवीजन में जगह बनाना) और रेलीगेशन (निचले डिवीजन में खिसकना) का प्रावधान है। यही कारण है की टीमों को तीन डिविजन ए, बी और सी में विभाजित किया गया है।