एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर, धावक अनिमेष कुजूर और महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम को टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के डेवलपमेंटल ग्रुप में शामिल किया, जबकि खेल मंत्रालय ने जिमनास्ट प्रणति नायक को टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप (टीएजीजी) में शामिल किया है।
ज्यादातर अमेरिका में रहने वाले 26 वर्षीय तेजस्विन पिछले महीने एशियाई चैंपियनशिप में दो डेकाथलॉन पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए थे। उन्होंने पिछले चरण में कांस्य पदक और पिछले महीने रजत पदक जीता था। वहीं 22 वर्षीय कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में 20.32 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ कांस्य पदक जीता। यह किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में उनका पहला पदक था।
टॉप्स के डेवलपमेंटल ग्रुप में शामिल खिलाड़ियों को 25,000 रुपये का मासिक भत्ता मिलता है और उन्हें दीर्घकाल में पदक का दावेदार माना जाता है। इस सूची में चार गुणा 100 मीटर की चौकड़ी अबिनया राजराजन, स्नेहा शानुवल्ली, नित्या गंधे और श्रवानी नंदा भी शामिल हैं। उन्होंने एशियाई प्रतियोगिता में इस स्पर्धा में रजत पदक जीता था। मंत्रालय की मिशन ओलंपिक इकाई (एमओसी) की हाल ही में हुई बैठक के बाद एशियाई स्पर्धा से ऊंची कूद की एथलीट पूजा, सर्विन सेबेस्टियन (पैदल चाल), विथ्या रामराज (बाधा दौड़), सचिन यादव (भाला फेंक), यूनुस शाह (मध्यम दूरी के धावक) को इस ग्रुप में शामिल किया गया।