टाटा स्टील वर्ल्ड 25के कोलकाता (टीएसडब्यू 25 के) के 10वें संस्करण के लिए आयोजकों ने दुनिया के दिग्गज धावक और डबल ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट केनी बेडनारक को इंटरनेशनल इवेंट ऐंबेसडर नियुक्त किया है। यह प्रतिष्ठित दौड़ 21 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी, जिसे वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल का दर्जा प्राप्त है। 27 वर्षीय बेडनारक, जिन्हें खेल जगत में प्यार से ‘कुंग फू केनी’ कहा जाता है—200 मीटर में टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में सिल्वर जीतने के अलावा टोक्यो में हुई 2025 विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर अपने नाम कर चुके हैं। दुनिया के सबसे स्थिर और भरोसेमंद स्प्रिंटर्स में उनकी गिनती होती है।
प्रेरणादायक रहा है केनी का जीवन
कठिन बचपन, गोद लिए जाने और संघर्षों के बाद अमेरिकी धावक का सामुदायिक कॉलेज से वैश्विक एथलेटिक्स के शीर्ष मंच तक पहुंचना प्रेरणादायक सफर है। बेडनारक कहते हैं—“ज़िंदगी ने सिखाया है कि मंज़िल से ज्यादा सफर मायने रखता है। हर कदम आपको बनाता है। कोलकाता की ऊर्जा और इस दौड़ का सामुदायिक भाव मुझे बेहद प्रेरित करता है। उनके नाम 100 मीटर (9.79 सेकेंड, 2025), 200 मीटर (19.57 सेकेंड, 2024) और 400 मीटर (44.73 सेकेंड, 2019) में शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन दर्ज हैं।
केनी का स्वागत, गौरव की बातः सुंदर
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रमम ने कहा,10वें संस्करण में केनी का स्वागत हमारे लिए गौरव की बात है। उनका सफर दृढ़ता और संकल्प का प्रतीक है—वे मूल्य जो इस इवेंट और टाटा स्टील दोनों की सोच से मेल खाते हैं। प्रोकैम इंटरनेशनल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक सिंह ने कहा, इस जश्न में केनी का जुड़ना बेहद प्रेरक है। उत्कृष्टता की राह पर उनका धैर्य और निरंतरता इस इवेंट की भावना को और मजबूत करते हैं। हम कोलकाता में उनका स्वागत करने को उत्साहित हैं।